5 करोड़ का माल लेकर चोरी-छिपे जा रहे थे तस्कर, अंडरपास पर पुलिस ने घेरा तो चली गोलियां; फिर ऐसे दबोचे गए आरोपी

सुलतानपुर के अखंडनगर में पुलिस ने सहजनपुर अंडरपास के पास मुठभेड़ के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। दो आरोपी गोली लगने से घायल हुए। पुलिस ने दो कारों से करीब 1.8 किलो संदिग्ध मॉर्फिन, तमंचे और कारतूस बरामद किए। इसकी कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई गई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 August 2026, 12:14 PM IST
google-preferred

Sultanpur: सुलतानपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अखंडनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार तड़के सहजनपुर अंडरपास के पास मुठभेड़ के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से करीब 1.8 किलोग्राम संदिग्ध मॉर्फिन, दो कारें, तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब पांच करोड़ रुपये आंकी गई है।

सहजनपुर अंडरपास पर पुलिस ने घेरा

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे अखंडनगर पुलिस को संदिग्धों के आने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सहजनपुर अंडरपास के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान बलेनो और वरना कार वहां पहुंचीं।

पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई। इस दौरान दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए।

दो आरोपी गोली लगने से घायल

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल आरोपियों की पहचान खुर्शीद आलम निवासी जैतपुर, बलरामपुर और प्रशांत सिंह निवासी थाना बल्दीराय, सुलतानपुर के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर ले जाया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचे, खोखे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। मुठभेड़ के बाद मौके पर पुलिस ने वाहनों की तलाशी ली और संदिग्ध मादक पदार्थ को कब्जे में लिया।

तीन अन्य आरोपी भी गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खुर्शीद आलम और प्रशांत सिंह के अलावा उनके तीन कथित साथियों रोहित तिवारी, अंकुर प्रजापति और रामबाबू को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अब सभी आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

बरसो रे मेघा-मेघा… बारिश होते ही खुल गई विकास की पोल, मिर्जापुर में सड़क पर ऐसा हाल कि लग गया जाम

ओडिशा से यूपी तक तस्करी का दावा

पुलिस के अनुसार, दोनों कारों से करीब 1.8 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने इसे मॉर्फिन बताया है। पुलिस का दावा है कि यह खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश लाई गई थी और प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में इसकी सप्लाई की जानी थी।

बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। ऐसे में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और नशे की खेप कहां-कहां पहुंचाई जानी थी।

UP Teachers Transfer: हाईकोर्ट से प्राथमिक शिक्षकों के अंतरजनपदीय तबादले पर मुहर, लेकिन रखी यह बड़ी शर्त

पांच करोड़ की खेप ने बढ़ाई जांच

क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय कुमार ने बताया कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद मादक पदार्थ, असलहों और वाहनों के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

करीब पांच करोड़ रुपये की बताई जा रही इस खेप की बरामदगी के बाद पुलिस की नजर अब उस पूरे नेटवर्क पर है, जिसके जरिए कथित तौर पर ओडिशा से मादक पदार्थ उत्तर प्रदेश तक पहुंचाया जा रहा था।

Location :  Sultanpur

Published :  14 August 2026, 12:14 PM IST

Related News

Advertisement