हिंदी
सिंगर आतिफ असलम का बड़ा बयान (Img: AI Generated Image)
New Delhi: पाकिस्तानी सिंगर Atif Aslam एक बार फिर भारत में चर्चा में हैं। करीब एक दशक से भारत में काम नहीं कर पाने को लेकर आतिफ ने पहली बार खुलकर अपनी भावनाएं बताई हैं। उन्होंने भारतीय फैंस के साथ अपने रिश्ते को याद करते हुए कहा कि उन्हें भारत में काम करने की नहीं, बल्कि यहां के लोगों की याद आती है।
एक यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान आतिफ असलम ने भारत में लगे प्रतिबंध पर बात की। उन्होंने बताया कि भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के काम करने पर रोक लगे करीब 10 साल हो चुके हैं। उनके मुताबिक यह फैसला भारतीय सरकार की ओर से लिया गया था। आतिफ ने यह भी कहा कि इस दौरान उन्होंने भारत में कोई नया गाना रिलीज नहीं किया। हालांकि, इसके बावजूद भारतीय फैंस का उनके संगीत से रिश्ता पूरी तरह खत्म नहीं हुआ।
आतिफ ने दावा किया कि भारत में उनके कई फैंस अब भी अलग-अलग तरीकों से उनका संगीत सुनते हैं। बातचीत में उन्होंने VPN और पुराने सीडी कलेक्शन का भी जिक्र किया। सिंगर ने कहा कि वह पाइरेसी को बढ़ावा नहीं देते, लेकिन संगीत को जहां पहुंचना होता है, वह किसी न किसी तरह वहां पहुंच जाता है। उनके मुताबिक उनके शुरुआती दौर में भी उनके संगीत के साथ कुछ ऐसा ही हुआ था।
ये भी पढ़ें- Bigg Boss 20: इस बार आसान नहीं होगा बिग बॉस का खेल, सदस्यों को मिलेगा एक्स्ट्रा जीवनदान; सलमान ने कहा- तथास्तु
आतिफ असलम ने भारतीय फैंस के लिए खास संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशंसकों को इस बात से दुखी नहीं होना चाहिए। आतिफ ने कहा कि उन्हें भारत में काम करने की याद नहीं आती, लेकिन वहां के लोगों और अपने फैंस की याद जरूर आती है।
आतिफ ने एक दिलचस्प बात यह भी कही कि अगर उन पर यह प्रतिबंध नहीं लगा होता तो शायद वह अपने खुद के संगीत पर उतना ध्यान नहीं दे पाते। उनके मुताबिक प्लेबैक सिंगिंग से उन्होंने बहुत कुछ सीखा, लेकिन प्रतिबंध के बाद उन्हें स्वतंत्र संगीतकार के तौर पर खुद को तलाशने का मौका मिला। उन्होंने इस बदलाव के लिए उन लोगों का शुक्रिया भी अदा किया, जिन्होंने उन पर प्रतिबंध लगाया था।
भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के काम करने को लेकर विवाद 2016 में भारत-पाकिस्तान तनाव बढ़ने के बाद तेज हुआ था। उरी आतंकी हमले के बाद इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) ने अपने सदस्यों से पाकिस्तानी कलाकारों और तकनीशियनों के साथ काम नहीं करने को कहा था।
ये भी पढ़ें- ‘C…है ये इंपॉर्टेंट नहीं, हमारा लड़का है’, बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने आ रही ‘Mirzapur The Movie’, ट्रेलर आउट
इसके बाद फरवरी 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के बाद ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी पाकिस्तानी कलाकारों के खिलाफ पूरी तरह काम रोकने का ऐलान किया था। बाद में 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ा। इसी दौरान भारत में कई पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट्स भी ब्लॉक किए गए, जिनमें आतिफ असलम का इंस्टाग्राम अकाउंट भी शामिल था।
आतिफ असलम भारत में सिर्फ एक पाकिस्तानी सिंगर के तौर पर नहीं, बल्कि अपनी आवाज के लिए बड़ी संख्या में फैंस बनाने वाले कलाकार के तौर पर पहचाने जाते हैं। ‘आदत’ से उन्हें भारत में बड़ी पहचान मिली। इसके बाद ‘वो लम्हे’, ‘पहली नजर में’, ‘तेरा होने लगा हूं’, ‘तू जाने ना’, ‘जीना जीना’ और ‘तेरे संग यारा’ जैसे गानों ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाया।
Location : New Delhi
Published : 13 August 2026, 1:16 PM IST
No related posts found.