‘C…है ये इंपॉर्टेंट नहीं, हमारा लड़का है’, बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने आ रही ‘Mirzapur The Movie’, ट्रेलर आउट

ओटीटी पर तहलका मचाने के बाद अब 'मिर्जापुर' की कहानी बड़े पर्दे पर रिलीज होने के लिए तैयार है। लंबे इंतजार के बाद 'मिर्जापुर द मूवी' का करीब 3 मिनट लंबा ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 11 August 2026, 5:49 PM IST
google-preferred

New Delhi: जिस ‘मिर्जापुर’ के किरदारों और डायलॉग्स ने ओटीटी पर खूब तहलका मचाया, अब वही कहानी बड़े पर्दे पर भौकाल मचाने के लिए तैयार है। लंबे इंतजार के बाद ‘मिर्जापुर द मूवी’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। करीब 3 मिनट लंबे इस ट्रेलर में सत्ता, बदला, खून-खराबा और दबदबे की वही दुनिया नजर आ रही है, जिसके लिए ‘मिर्जापुर’ को जाना जाता है।

कालीन भैया की वापसी

ट्रेलर की शुरुआत ही पंकज त्रिपाठी के दमदार अंदाज से होती है। उनका किरदार कालीन भैया एक बार फिर सत्ता और बाहुबल की दुनिया में नजर आ रहा है। ट्रेलर में उनका अंदाज साफ संकेत देता है कि गद्दी की लड़ाई इस बार पहले से ज्यादा खतरनाक होने वाली है। पंकज त्रिपाठी के साथ अली फजल और दिव्येंदु भी अपने पुराने किरदारों में दिखाई दे रहे हैं। वहीं जितेंद्र भी कहानी में अहम भूमिका निभाते नजर आते हैं। ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन, हिंसा और तीखे डायलॉग्स का तड़का लगाया गया है।

ये भी पढ़ें - Drishyam 3 के फैंस को लगा तगड़ा झटका: ओटीटी रिलीज पर मद्रास हाईकोर्ट ने लगाई अंतरिम रोक, जानें इसके पीछे की असली वजह

रवि किशन की एंट्री ने बढ़ाया रोमांच

ट्रेलर का सबसे दिलचस्प हिस्सा रवि किशन का किरदार है। उनका सामना कालीन भैया से होता दिखाई देता है। रवि किशन का आक्रामक अंदाज और एक्शन सीन्स ट्रेलर में खास ध्यान खींचते हैं। बैकग्राउंड म्यूजिक भी कहानी के माहौल को और ज्यादा दमदार बनाता है। कुल मिलाकर ट्रेलर देखकर ऐसा लगता है कि फिल्म में ‘मिर्जापुर’ की पुरानी गर्मी के साथ बड़े पर्दे का भव्य अंदाज जोड़ा गया है।

सोशल मीडिया पर छाया ट्रेलर

ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई यूजर्स ने कालीन भैया की वापसी पर खुशी जताई। किसी ने इसे ‘बड़े पर्दे का भौकाल’ बताया तो किसी ने फिल्म के एक्शन और स्टारकास्ट की तारीफ की। एक यूजर ने ‘पंचायत’ से जोड़ते हुए जितेंद्र के किरदार पर मजेदार कमेंट किया। वहीं कई फैंस ने पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु की वापसी को लेकर उत्साह जताया।

ये भी पढ़ें - Kara OTT Release: सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी पर धमाका करेगी धनुष स्टारर ‘कारा’, जानें रिलीज डेट और प्लेटफॉर्म

4 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र, रवि किशन, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी और श्रिया पिलगांवकर जैसे कलाकार नजर आएंगे। ‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ओटीटी पर पहले ही बना चुका है दबदबा

‘मिर्जापुर’ की कहानी इससे पहले वेब सीरीज के जरिए दर्शकों तक पहुंची थी। इसके अब तक तीन सीजन रिलीज हो चुके हैं। पहला सीजन 2018 में आया था और इसे दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला। इसके बाद 2020 में दूसरा और 2024 में तीसरा सीजन रिलीज हुआ। सीरीज में नजर आए कई पुराने चेहरे अब फिल्म में भी दिखाई देंगे। हालांकि, विक्रांत मैसी की जगह जितेंद्र इस फिल्म का हिस्सा हैं। ‘मिर्जापुर’ के तीनों सीजन अमेजन प्राइम वीडियो पर देखे जा सकते हैं।

Location :  New Delhi

Published :  11 August 2026, 5:49 PM IST

Related News

Advertisement