हिंदी
सिरफिरे की पिटाई करते लोग (IMG: Dynamite News)
Agra: आगरा में दो मासूम छात्राओं के साथ कथित तौर पर हुई शर्मनाक हरकत से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना सदर थाना क्षेत्र में थाने से महज करीब 100 मीटर की दूरी की बताई जा रही है। गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे मधु नगर इलाके की 9 और 10 साल की दो छात्राएं स्कूल से घर लौट रही थीं। दोनों बच्चियां मधु नगर मोड़ के पास पहुंची थीं। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एक युवक ने दोनों को पकड़ लिया।
छात्राओं की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों का ध्यान उनकी तरफ गया। बताया गया कि वहां मौजूद कुछ छात्रों ने सड़क से गुजर रहे लोगों को रोककर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद देखते ही देखते कई लोग मौके पर पहुंच गए। लोग झाड़ियों की तरफ गए और दोनों छात्राओं को युवक के कब्जे से छुड़ाया।
जहरीली खीर, बंद दरवाजा और बाथरूम में दफन जिंदगी; आगरा के इस मर्डर केस ने हिला दी अपनों की रूह
घटना जिस जगह हुई, वह सदर थाना क्षेत्र में थाने से करीब 100 मीटर की दूरी पर बताई जा रही है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठाए हैं। छात्राओं के परिजनों का कहना है कि अगर इस रास्ते पर नियमित पुलिस गश्त होती तो शायद ऐसी घटना को रोका जा सकता था।
पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया युवक अपना नाम और पता ठीक से नहीं बता पा रहा था। पूछताछ के दौरान वह अजीब तरह की हरकतें कर रहा था। एसीपी सदर राम प्रवेश गुप्ता के मुताबिक, जांच के दौरान युवक के मानसिक रूप से बीमार होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे एनजीओ ‘अपना घर’ के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने युवक को लेकर कई गंभीर बातें बताईं। लोगों के मुताबिक, यह युवक करीब दो साल से इलाके में सड़क किनारे ही सोता और खाता-पीता है। स्थानीय लोगों का दावा है कि वह पहले भी रास्ते से गुजरने वाली महिलाओं के साथ आपत्तिजनक हरकत कर चुका है। लोगों ने बताया कि कुछ समय पहले एक युवती के साथ गलत हरकत करने के आरोप में उसकी पिटाई भी की गई थी।
Location : Agra
Published : 14 August 2026, 1:07 PM IST