रायबरेली छोटेलाल हत्याकांड: जिसका उजड़ा सुहाग उसी पर पुलिस को शक, मर्डर केस में आया नया ट्विस्ट

उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में एक लापता व्यक्ति की तलाश ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के बराइन गांव में करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव उनके घर से कुछ दूरी पर जमीन में दफन मिला। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 14 August 2026, 2:02 PM IST
google-preferred

Raebareli: बराइन गांव के निवासी 50 वर्षीय छोटेलाल पिछले कई दिनों से लापता थे। परिवार और ग्रामीणों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गुजरात में नौकरी कर रहे उनके बेटे सतीश के घर लौटने पर पुलिस को सूचना दी गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान परिवार पर गया पुलिस का शक

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को परिवार के कुछ सदस्यों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम गांव पहुंची। इसके बाद घर से करीब 50 मीटर दूर एक स्थान की खुदाई कराई गई। खुदाई के दौरान जमीन में दफन छोटेलाल का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

यह भी पढ़ें: ना कोई चेहरा दिखा, ना कोई सबूत छूटा… Raebareli में 5 दुकानों में हुई हाई-टेक चोरी की पूरी कहानी

घरेलू विवाद के बाद हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि बेटी के किसी युवक से फोन पर बातचीत को लेकर घर में विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि पिता ने इस बात पर बेटी को डांटा था, जिसके बाद परिवार में तनाव बढ़ गया। पुलिस को आशंका है कि 17 जुलाई की रात विवाद के बाद छोटेलाल की हत्या कर शव को गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पत्नी और बेटी से पूछताछ जारी

मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी केश कुमारी और 19 वर्षीय बेटी छाया को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही कथित प्रेम-प्रसंग से जुड़े युवक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

यह भी पढ़ें: Raebareli News: रेलवे गुड्स क्लर्क को 4 साल की जेल, CBI कोर्ट ने रिश्वतखोरी में सुनाई सजा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है और मामले में किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।

Location :  Raebareli

Published :  14 August 2026, 2:02 PM IST

Related News

Advertisement