हिंदी
घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाके में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर एसएसबी और पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। नौतनवा थाना क्षेत्र में संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी ली गई तो उनके पास से नशीले इंजेक्शनों की ऐसी खेप मिली, जिसे देखकर टीम भी सतर्क हो गई। पुलिस के मुताबिक कुल 2,283 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
मामला नौतनवा थाना क्षेत्र का है। पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग नशीली दवाओं की खेप लेकर इलाके में पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही टीम ने एसएसबी रोड स्थित बैरियहवा पुल के पास निगरानी बढ़ा दी। कुछ समय बाद संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी। मौके से दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया। इसके बाद उनकी तलाशी ली गई तो बड़ी संख्या में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
संयुक्त टीम को आरोपियों के कब्जे से कुल 2,283 एम्पुल इंजेक्शन मिले हैं। पुलिस के अनुसार बरामद दवाओं में Cerejack Diazepam Injection IP, Buprenorphine Injection IP, Abbott Promethazine Hydrochloride Injection और Diazepam Injection IP शामिल हैं। बड़ी संख्या में इंजेक्शन मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इन दवाओं का इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य से किया जाना था।
महराजगंज जेल में अचानक पहुंच गए DM-SP, बैरकों की गहन तलाशी से मचा हड़कंप; फिर दिए ये सख्त निर्देश
तलाशी के दौरान पुलिस और एसएसबी को नशीले इंजेक्शनों के अलावा एक स्विफ्ट कार भी मिली। इसके साथ दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 980 रुपये नकद बरामद किए गए। जांच में मोबाइल फोन पुलिस के लिए अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। अधिकारियों द्वारा मोबाइल में मौजूद कॉल डिटेल, संपर्क और अन्य डिजिटल जानकारी की जांच की जा सकती है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. जिलानी पुत्र मो. याकूब, निवासी नौतनवा और सुग्रीव पुत्र बृजलाल, निवासी गजरहा, थाना नौतनवा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ नौतनवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 155/2026 के तहत धारा 8/21/23 एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की है।
महराजगंज में 20 लाख की बैंक धोखाधड़ी पर कोर्ट सख्त, पुलिस को FIR दर्ज कर CO से जांच कराने का आदेश
बरामदगी के बाद पुलिस की जांच अब सिर्फ गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित नहीं है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि नशीली दवाओं की इतनी बड़ी खेप आरोपियों तक पहुंची कैसे? पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इंजेक्शन कहां से खरीदे गए थे, इन्हें किस रास्ते से नौतनवा तक लाया गया और आगे इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी।
Location : Maharajganj
Published : 12 August 2026, 6:31 PM IST