हिंदी
सिसवा बाजार में सख्ती
Maharajganj: महराजगंज जिले के सिसवा बाजार में मंगलवार को पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए बड़ा अभियान चलाया। सिसवा बाजार क्षेत्र में अचानक शुरू हुए इस सघन चेकिंग अभियान से सड़क पर चल रहे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का मकसद साफ था यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना। जैसे ही पुलिस टीम प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग लगाकर जांच शुरू हुई बिना हेलमेट और बिना कागजात वाले वाहन चालक इधर-उधर भागते नजर आए।
मंगलवार शाम पुलिस ने सिसवा कस्बे के अमडीहा, सबया और कटहरी जैसे प्रमुख स्थानों पर मोर्चा संभाला। हर आने-जाने वाले वाहन को रोककर जांच की गई। इस दौरान पुलिस ने रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस, ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट की गहन जांच की। जो वाहन चालक नियमों का पालन करते नहीं पाए गए उनके खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई। कई लोगों को दस्तावेज अधूरे होने पर तुरंत चालान भुगतना पड़ा।
पूरे अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 62 वाहनों के चालान काटे। इसके साथ ही करीब 69 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कस्बे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई केवल जुर्माना वसूलने के लिए नहीं बल्कि लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से की गई है ताकि सड़क पर हर कोई नियमों का पालन करे और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस और बिना इंश्योरेंस वाहन चलाने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि लोग नियमों के प्रति गंभीर बनें और सड़क सुरक्षा मजबूत हो।
महराजगंज में रहस्यमयी मौत! नदी किनारे युवक का शव मिलने से इलाके में दहशत, पढे़ं पूरी खबर
इस पूरे चेकिंग अभियान में सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। उनके साथ उप निरीक्षक विनीत यादव, लक्की पटेल और राहुल राय भी मौजूद रहे। इसके अलावा हेड कांस्टेबल और अन्य पुलिसकर्मियों की बड़ी टीम भी तैनात रही, जिन्होंने पूरे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस बल की मौजूदगी से पूरे इलाके में व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रही।
Location : Maharajganj
Published : 28 April 2026, 8:18 PM IST