हिंदी
रिजर्व पुलिस लाइन में दीक्षांत समारोह (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Maharajganj: महराजगंज जनपद के रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में रविवार को भव्य पासिंग आउट परेड (दीक्षांत समारोह) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 396 रिक्रूट पुरुष आरक्षियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर देश सेवा की शपथ ली। समारोह में अनुशासन, तालमेल और पेशेवर दक्षता का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा रहे, जबकि पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। डीएम के आगमन पर पुलिस अधीक्षक ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली और पूरे दस्ते का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिक्रूट्स के टर्न-आउट, कदमताल और समन्वय की जमकर सराहना की गई।
महराजगंज में रहस्यमयी मौत! नदी किनारे युवक का शव मिलने से इलाके में दहशत, पढे़ं पूरी खबर
दीक्षांत परेड के दौरान विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को सम्मानित किया गया। अंतः विषय में रजनीश पाण्डेय और वाह्य विषय में विपिन पाण्डेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रजनीश पाण्डेय ने कुल 1500 में से 1247 अंक हासिल कर “सर्वांग सर्वोत्तम” का खिताब अपने नाम किया। यह उपलब्धि उनके समर्पण और मेहनत का परिणाम है।
कार्यक्रम में शारीरिक प्रशिक्षण, शस्त्र संचालन, फील्ड क्राफ्ट, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, योगासन तथा आतंकवाद और डकैती निरोधक जैसे महत्वपूर्ण विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट्स को भी पुरस्कृत किया गया। इससे स्पष्ट हुआ कि प्रशिक्षण के दौरान आरक्षियों को हर चुनौती के लिए तैयार किया गया है।
महराजगंज।
रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज में भव्य पासिंग आउट (दीक्षांत) परेड सम्पन्न
कुल 396 रिक्रूट आरक्षियों ने ली दीक्षांत परेड की शपथ#UPPolicePOP #UPPolice pic.twitter.com/w9ytLxdLHD— MAHARAJGANJ POLICE (@maharajganjpol) April 26, 2026
परेड का नेतृत्व रिक्रूट आरक्षी विशाल सिंह ने प्रथम परेड कमांडर के रूप में किया, जबकि विपिन पाण्डेय द्वितीय और संदेश प्रकाश तृतीय परेड कमांडर रहे। समारोह के दौरान सभी रिक्रूट्स को देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए अनुशासन, आत्मरक्षा और विधिक ज्ञान को अब व्यवहारिक जीवन में लागू करना बेहद जरूरी है। उन्होंने रिक्रूट्स को पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग अपनाने और प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील व्यवहार करने की सलाह दी। साथ ही आधुनिक पुलिसिंग में साइबर अपराध और डिजिटल तकनीक से निपटने के प्रशिक्षण पर भी जोर दिया।
Location : Maharajganj
Published : 26 April 2026, 3:43 PM IST