हिंदी
सोनभद्र के ओबरा क्षेत्र में पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध गिट्टी परिवहन पर कार्रवाई करते हुए 25 घन मीटर गिट्टी से लदा हाइवा जब्त किया। सह-चालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि चालक फरार है। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
Sonbhadra: जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ओबरा क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान अवैध गिट्टी लादकर ले जा रहे एक हाइवा वाहन को जब्त किया गया है। इस मामले में सह-चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य चालक मौके से फरार हो गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार और खान निरीक्षक अतुल दुबे की संयुक्त टीम ने बग्गा नाला के पास चेकिंग अभियान चलाया।
Sonbhadra News: बीच बाजार में पारिवारिक कलह का हाईवोल्टेज ड्रामा, जानिये पूरा मामला
चेकिंग के दौरान वाहन संख्या UP64CT2945 (हाइवा) को रोका गया। जांच में पाया गया कि वाहन में लगभग 25 घन मीटर गिट्टी लदी हुई थी, जिसके परिवहन के लिए वैध प्रपत्र उपलब्ध नहीं थे। टीम को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद सह-चालक संदीप पाल को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि गिट्टी ओबरा स्थित सोनभद्र माइनिंग वर्क्स से लोड की गई थी। गिरफ्तार सह-चालक की पहचान संदीप पाल पुत्र संजय पाल, निवासी रेही, थाना घोरावल, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है।
मुख्य चालक मनोज पाल पुत्र राजेन्द्र पाल फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा दबिश दी जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
खनन निरीक्षक अतुल दुबे की लिखित तहरीर के आधार पर थाना ओबरा में मुकदमा अपराध संख्या 34/26 पंजीकृत किया गया है। इस मामले में चालक मनोज पाल, सह-चालक संदीप पाल, संबंधित क्रशर प्लांट के मालिक और वाहन स्वामी (दोनों अज्ञात) के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन गंभीर अपराध है और इसमें शामिल सभी जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि 18 फरवरी को दर्ज इस प्रकरण की विवेचना जारी है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि जिस क्रशर प्लांट से बिना वैध प्रपत्र के गिट्टी लोड की गई, उसके खिलाफ भी जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
Sonbhadra News: जेल से परीक्षा हॉल तक… पुलिस अभिरक्षा में लिखी उत्तर पुस्तिका, पढ़ें ये अनोखी खबर
पुलिस ने दोहराया कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।