हिंदी
गाजीपुर में यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा के दौरान एसटीएफ ने सॉल्वर बैठाकर नकल कराने वाले गिरोह का खुलासा किया है। इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। परीक्षा पास कराने के लिए 40 हजार रुपये लेने की बात सामने आई है। मौके से प्रश्नपत्र, ओएमआर शीट, प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और मोबाइल बरामद कर मुकदमा दर्ज किया गया है।
बोर्ड परीक्षा में सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़
Ghazipur: जनपद के थाना दुल्लहपुर क्षेत्र स्थित मां गंगादास इंटर कॉलेज, करंडी बहलोलपुर में यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा 2026 के दौरान बड़े नकल गिरोह का पर्दाफाश हुआ। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) वाराणसी इकाई को सूचना मिली थी कि परीक्षा केंद्र पर वास्तविक छात्र की जगह सॉल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाई जा रही है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन के स्टेटिक मजिस्ट्रेट डॉ. अनिल कुमार और केंद्र व्यवस्थापक अभिषेक कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में छापा मारा।
जांच के दौरान कक्षा में बैठा एक संदिग्ध परीक्षार्थी पकड़ा गया, जो कक्षा 12 का छात्र शिवम यादव निकला और वह हाईस्कूल के छात्र शुभम यादव की जगह अंग्रेजी का पेपर दे रहा था। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सॉल्वर शिवम यादव और केंद्र के प्रधानाचार्य विद्याप्रकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि प्रधानाचार्य की मिलीभगत से सॉल्वर बैठाने का पूरा खेल चल रहा था। शुभम यादव को परीक्षा पास कराने के लिए 40 हजार रुपये तय किए गए थे। इसके तहत शिवम यादव को उसकी जगह परीक्षा देने के लिए बैठाया गया था। यह भी सामने आया कि शुभम पहले हिंदी और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा दे चुका था और अंग्रेजी की परीक्षा में सॉल्वर बैठाया गया था।
चन्दौली में भीषण सड़क हादसा, मासूम समेत कई घायल, एक की गई जान; मची अफरा-तफरी
एसटीएफ को मौके से हाईस्कूल अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र, एक ओएमआर शीट, उत्तर पुस्तिका, प्रवेश पत्र, आधार कार्ड तथा दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। बरामद दस्तावेजों से स्पष्ट हुआ कि परीक्षा में व्यवस्थित तरीके से फर्जीवाड़ा किया जा रहा था।
मामले में थाना दुल्लहपुर में मुकदमा अपराध संख्या 27/2026 धारा 319(2) बीएनएस तथा 8/9/13(4) परीक्षा अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। अधिकारियों के अनुसार यह आशंका है कि इस तरह की गतिविधियां पहले भी संचालित की जा चुकी हैं।
लखनऊ से बड़ी खबर: सवारियों से भरी डबल डेकर बस पलटी, 6 यात्रियों की मौत, कई घायल; जानिये पूरा अपडेट
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा प्रदेशभर में 17 फरवरी 2026 से शुरू हुई बोर्ड परीक्षाओं को नकलमुक्त बनाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एसटीएफ की टीमें लगातार सूचना संकलन कर कार्रवाई कर रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है, जबकि शिक्षा विभाग भी केंद्र की मान्यता और प्रशासनिक जिम्मेदारियों की जांच में जुट गया है।