हिंदी
चन्दौली के चकिया क्षेत्र में तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो ओवरटेक करते समय पलटकर पिकअप से टकरा गई। हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई, जबकि मासूम सहित कई लोग घायल हैं। घायलों का इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी है।
हादसे में घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती, इलाज जारी
Chandauli: जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। चुप्पेपुर मोड़ के समीप एक सीएनजी ऑटो ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर पलट गई और सामने से आ रही पिकअप वाहन से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि मासूम बच्चे सहित चार से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीएनजी ऑटो में करीब आधा दर्जन लोग सवार थे। वाहन तेज गति से जा रहा था और ओवरटेक करने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा। ऑटो सड़क पर पलटती हुई पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और सवारियां सड़क पर गिर पड़ीं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को वाहन से बाहर निकाला।
दुर्घटना में एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने में जुटी है। वहीं, ऑटो में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक 06 वर्षीय मासूम बच्चा भी शामिल है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के समय वहां से गुजर रहे लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस की मदद से चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।
जिला संयुक्त चिकित्सालय के ईएमओ डॉ शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि अस्पताल में लाए गए घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल 06 वर्षीय बच्चे की हालत चिंताजनक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।
डॉ शैलेन्द्र सिंह के अनुसार, कुछ घायलों को सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना प्रतीत हो रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Chandauli News: खुशी के बीच परिवार में मातम, नदी में अचानक गहरे पानी में डूबे बच्चे
तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और ओवरटेक करते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।