ग्रेटर नोएडा में हुजैफ हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, जिगरी दोस्त और सोने के कंगन बने वारदात की वजह

ग्रेटर नोएडा के हुजैफ हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दोस्ती के भरोसे को तोड़कर एक युवक ने लालच में अपने ही जिगरी दोस्त की हत्या कर दी। मां के सोने के कंगन और पैसों की चाहत ने इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथियार, बाइक और सोने के कंगन बरामद कर लिए हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 16 June 2026, 8:14 AM IST
google-preferred

Greater Noida Desk: ग्रेटर नोएडा में चार दिन पहले नहर किनारे मिले अधजले शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जिस युवक के साथ मृतक ने दोस्ती निभाई, उसी दोस्त ने लालच में उसकी जान ले ली। हत्या के बाद आरोपी ने शव को जलाकर पहचान मिटाने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में पूरा राज खुल गया। कासना कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल खून से सना डंडा, तीन सोने के कंगन और बाइक बरामद की है।

सीसीटीवी और सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस

ग्रेटर नोएडा के डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि 12 जून को चीरसी गांव के पास नहर किनारे एक अधजला शव मिला था। बाद में उसकी पहचान दौला रजपुरा गांव निवासी 23 वर्षीय हुजैफ के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। जांच में सामने आया कि हत्या किसी और ने नहीं बल्कि मृतक के करीबी दोस्त शहजाद उर्फ बिट्टू ने की थी।

नोएडा एयरपोर्ट से पहली उड़ान ने रचा इतिहास, 172 किसानों ने भरी पहली हवाई यात्रा; किसान करेंगे सीएम योगी से मुलाकात

मां के कंगन बने हत्या की वजह

पुलिस जांच में पता चला कि हुजैफ नया मोबाइल खरीदना चाहता था और एसी का काम शुरू करने के लिए पैसों की जरूरत थी। उसने अपनी मां से पैसे मांगे, लेकिन नशे की लत के कारण मां ने उसे रकम देने से इनकार कर दिया। इसके बाद हुजैफ ने घर से अपनी मां के चार सोने के कंगन चोरी कर लिए और उन्हें बेचने की योजना बनाई। जब यह बात उसके दोस्त शहजाद को पता चली तो उसके मन में लालच आ गया। उसने कंगनों को हड़पने के लिए अपने ही दोस्त की हत्या की साजिश रच डाली।

सुनसान जगह ले जाकर उतार दिया मौत के घाट

पुलिस के मुताबिक शहजाद ने हुजैफ को कंगन बिकवाने का झांसा दिया और अपनी बाइक पर साथ ले गया। रास्ते में दोनों ने नशा किया। इसके बाद आरोपी उसे चीरसी गांव के पास नहर किनारे एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां मौका मिलते ही उसने डंडे से हुजैफ के सिर पर वार कर दिया। एक के बाद एक कई वार करने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

DN Exclusive: नोएडा एयरपोर्ट जाएं तो घर से टॉयलेट करके निकलें, नहीं तो इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर आ सकता है गुस्सा!

पहचान मिटाने के लिए शव को लगाई आग

हत्या के बाद आरोपी वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वापस लौटा। उसने बाइक से पेट्रोल निकाला और शव पर छिड़ककर आग लगा दी। जिससे पहचान मिटाई जा सके। आरोपी की योजना शव को नहर में फेंकने की भी थी, लेकिन आग की ऊंची लपटें देखकर उसे डर लगने लगा कि आसपास के लोग मौके पर पहुंच सकते हैं। इसी घबराहट में वह शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद शहजाद ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा, चोरी किए गए तीन सोने के कंगन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Greater Noida

Published :  16 June 2026, 8:14 AM IST

Advertisement