गोरखपुर में नीलगाय के पीछे दौड़ता दिखा युवक, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप

गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर पुलिस ने पशु क्रूरता के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। वीडियो में युवक को घोड़े पर सवार होकर नीलगाय का पीछा करते और कथित रूप से एयर गन का इस्तेमाल करते हुए दिखाया गया था।

Gorakhpur : जिले के खजनी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस को बड़ी कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पशु क्रूरता के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एयर गन भी बरामद की है। जिसका इस्तेमाल कथित रूप से घटना के दौरान किया गया था। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

वायरल वीडियो ने खोला मामला

पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया सेल को एक वीडियो प्राप्त हुआ था जिसमें एक युवक घोड़े पर सवार होकर खेतों में दौड़ रही नीलगाय का पीछा करता दिखाई दे रहा था। वीडियो में दिख रहा था कि जानवर को खेतों में दौड़ाकर परेशान किया जा रहा है और उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश भी की जा रही है। वीडियो के वायरल होते ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया और जांच शुरू कर दी गई।

आरोपी की पहचान और कार्रवाई

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान खजनी थाना क्षेत्र के भीटी खोरिया निवासी 25 साल राज यादव पुत्र लक्ष्मण यादव के रूप में की। स्थानीय लोगों से पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को उसे उसके गांव से हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक एयर गन भी बरामद हुई। जिससे फायरिंग की आशंका जताई जा रही है।

मौसी से रिश्ते की बात बनी मौत की वजह? रिश्तों की आग में जली एक और जिंदगी, गोरखपुर में युवक की चाकू मारकर हत्या

पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज

पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर प्रथम दृष्टया यह मामला पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत दंडनीय पाया गया है। इसी आधार पर खजनी थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी के साथ कोई और लोग भी इस घटना में शामिल थे या नहीं।

लोगों में नाराजगी, पुलिस की सख्ती

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने वन्यजीवों के साथ इस तरह के व्यवहार को गलत बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जयंत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव, कांस्टेबल विवेक धुरिया और कांस्टेबल आनंद गौड़ शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है, लेकिन मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  16 June 2026, 3:38 AM IST

Advertisement