नोएडा एयरपोर्ट से पहली उड़ान ने रचा इतिहास, 172 किसानों ने भरी पहली हवाई यात्रा; किसान करेंगे सीएम योगी से मुलाकात

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल उड़ान ने इतिहास रच दिया है। लखनऊ से इंडिगो की स्पेशल फ्लाइट जेवर एयरपोर्ट पहुंची, जबकि पहली उड़ान में एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले 172 किसान भी शामिल हुए। किसान अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अपनी यादगार यात्रा साझा करेंगे। 1 जुलाई से नोएडा एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों की शुरुआत होगी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 June 2026, 11:39 AM IST
google-preferred

Noida News: उत्तर प्रदेश के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर से आखिरकार हवाई सफर का ऐतिहासिक आगाज हो गया है। सोमवार को लखनऊ से नोएडा एयरपोर्ट के लिए पहली कमर्शियल फ्लाइट ने उड़ान भरी। इंडिगो एयरलाइंस की स्पेशल फ्लाइट 6E-2278 सुबह 7 बजकर 05 मिनट पर लखनऊ से रवाना हुई और करीब एक घंटे बाद सुबह 8 बजकर 05 मिनट पर जेवर एयरपोर्ट के रनवे पर सफलतापूर्वक लैंड हुई।

इस ऐतिहासिक पल के गवाह जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नोएडा के कारोबारी बने। वहीं नोएडा एयरपोर्ट से पहली उड़ान सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर लखनऊ के लिए रवाना हुई। इस फ्लाइट में सबसे खास बात यह रही कि इसमें एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन देने वाले 172 किसान और कामगार भी शामिल हुए।

जमीन देने वाले किसान बने पहली उड़ान के यात्री

नोएडा एयरपोर्ट के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों के लिए यह दिन बेहद खास रहा। पहली उड़ान में शामिल होने वाले 172 किसानों में 20 महिलाएं भी शामिल थीं। इन किसानों को हवाई सफर का मौका देकर प्रशासन ने उनके योगदान को सम्मान दिया। किसान विमान से सफर करने के बाद लखनऊ पहुंचे, जहां वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। किसानों के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री आवास पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। उनके भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की भी तैयारी की गई है।

नोएडा एयरपोर्ट पर आज से शुरू होंगी उड़ानें, जमीन देने वाले किसान जाएंगे लखनऊ, डाइनामाइट न्यूज पर देखें पूरा अपडेट

सीएम योगी करेंगे किसानों से संवाद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया के जरिए किसानों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट के निर्माण में किसानों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है और उनसे मिलकर संवाद किया जाएगा। 172 किसानों को लेकर पांच बसें मुख्यमंत्री आवास पहुंच चुकी हैं। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभी किसानों का स्वागत करेंगे और एयरपोर्ट निर्माण से जुड़े अनुभवों को लेकर उनसे बातचीत करेंगे।

नोएडा एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए भी उड़ान

लखनऊ से नोएडा एयरपोर्ट पहुंचने वाली फ्लाइट सुबह 8 बजकर 35 मिनट पर यात्रियों को लेकर बेंगलुरु के लिए रवाना हुई। इसके साथ ही जेवर एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी की शुरुआत हो गई है। फिलहाल शुरुआती दौर में इंडिगो एयरलाइंस लखनऊ से नोएडा एयरपोर्ट के लिए सीधी उड़ान शुरू कर रही है। आने वाले समय में यहां से देश के अन्य बड़े शहरों के लिए भी उड़ानें बढ़ाई जाएंगी।

DN Exclusive: क्या योगी आदित्यनाथ का सपना नोएडा में पड़ गया फीका! घंटों के इंतजार के बाद सड़कों पर नहीं मिली इलैक्ट्रिक बसें

1 जुलाई से आम यात्रियों के लिए नियमित उड़ान

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नियमित यात्री सेवाएं 1 जुलाई से शुरू होने की तैयारी है। इसके बाद आम यात्री जेवर एयरपोर्ट से उड़ान भर सकेंगे। नोएडा एयरपोर्ट को दिल्ली-एनसीआर के लिए बड़ी सुविधा के तौर पर देखा जा रहा है। इससे दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव कम होगा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को भी हवाई यात्रा के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा।

किसानों के सपनों से जुड़ा है जेवर एयरपोर्ट

जेवर एयरपोर्ट सिर्फ एक एयरपोर्ट प्रोजेक्ट नहीं बल्कि हजारों लोगों के सपनों से जुड़ा हुआ है। इस परियोजना के लिए कई गांवों के किसानों ने अपनी जमीन दी थी। अब उसी एयरपोर्ट से पहली उड़ान में सफर कर किसानों ने एक ऐतिहासिक पल को महसूस किया। प्रशासन का कहना है कि एयरपोर्ट आने वाले समय में रोजगार, व्यापार और विकास के नए अवसर लेकर आएगा। वहीं पहली उड़ान के साथ ही उत्तर प्रदेश के एविएशन सेक्टर में एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई है।

Location :  Noida

Published :  15 June 2026, 11:37 AM IST

Advertisement