जेल से छूटते ही रौशन आनंद के तीखे बोल, खान सर और पटना पुलिस पर लगाये गंभीर आरोप; जानें क्या कहा…

जेल से बेल पर छूटे ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद ने पटना पुलिस और खान सर (फैसल खान) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रौशन आनंद ने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए खान सर का नार्को टेस्ट कराने की मांग की है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 16 June 2026, 8:48 AM IST
google-preferred

Patna: बिहार की राजधानी पटना में कोचिंग संचालकों के बीच का विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। कोर्ट से बेल मिलने के बाद सोमवार को जेल से बाहर आए ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर रौशन आनंद ने पटना पुलिस की कार्यशैली और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जेल की सलाखों से बाहर आते ही उन्होंने खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैसल खान उर्फ खान सर को आड़े हाथों लिया।

रौशन आनंद ने पुलिस पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें घटना के महज छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन पुलिस ने मामले के 72 घंटे बीत जाने के बाद भी फैसल खान पर कोई कार्रवाई नहीं की और न ही उन्हें गिरफ्तार किया।

खान सर पर संरक्षण का आरोप और नार्को टेस्ट की मांग

रौशन आनंद ने मीडिया से बातचीत में खान सर पर राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि फैसल खान को कुछ प्रभावशाली राजनेताओं का खुला संरक्षण प्राप्त है, यही वजह है कि पुलिस उनके खिलाफ हाथ डालने से बच रही है।

उन्होंने मामले की निष्पक्षता के लिए मांग की कि फैसल खान का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए ताकि पूरा सच सामने आ सके। रौशन आनंद ने तीखा हमला बोलते हुए यहाँ तक दावा कर दिया, “पटना पुलिस फैसल खान के हाथों बिक चुकी है। कदमकुआं थाने में मेरी गिरफ्तारी को सुनिश्चित करने के लिए करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए गए हैं।”

Patna Coaching Row: ज्ञान बिंदु एकेडमी के रौशन आनंद की जमानत पर टली सुनवाई, अब कल कोर्ट में होगा फैसला

भाई प्रिंस यादव की मौत और न्याय की गुहार

इस पूरे विवाद के पीछे रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत का मामला भी जुड़ा हुआ है। गौरतलब है कि प्रिंस यादव खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुई कथित फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी थे और घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहे थे। इसी बीच नेपाल में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर आई।

रौशन आनंद ने भावुक और आक्रोशित होते हुए कहा कि यह पूरी तरह से एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने कसम खाते हुए कहा कि जब तक वह अपने दिवंगत भाई प्रिंस यादव को न्याय नहीं दिला देते और इस साजिश का पर्दाफाश नहीं कर देते, तब तक वह अपने घर नहीं जाएंगे।

गार्ड के बयान को बताया झूठा और जबरन लिया गया

कारागार से रिहा होने के बाद रौशन आनंद सीधे अपने कोचिंग संस्थान पहुंचे, जहाँ उन्होंने पत्रकारों के सामने पुलिसिया कार्रवाई के खोखलेपन को उजागर करने का प्रयास किया। उन्होंने केस के मुख्य गवाह यानी गार्ड के बयान पर भी उंगली उठाई। रौशन आनंद का आरोप है कि मामले में गार्ड से पुलिस ने डरा-धमकाकर जबरदस्ती बयान दिलवाया है।

Khan case: आनंद को प्रिंस के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मिली जमानत

उन्होंने कहा, “फैसल खान मीडिया के सामने लगातार झूठ परोस रहे हैं। जिस गार्ड के बयान को आधार बनाया जा रहा है, वह सिर्फ उनकी कोचिंग का नहीं था, हम भी उसे अपनी तरफ से पैसे देते थे।” उन्होंने पुराने बीपीएससी (BPSC) आंदोलन का हवाला देते हुए भी खान सर की भूमिका पर सवाल दागे। फिलहाल दोनों दिग्गजों के बीच आरोप-प्रत्यारोप से पटना का माहौल गरमा गया है।

Location :  Patna

Published :  16 June 2026, 8:48 AM IST

Advertisement