प्रेम प्रसंग बना खून-खराबे की वजह, सीतापुर में भाई पर बहन की हत्या का आरोप

सीतापुर के मथुरा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी की हत्या के मामले में उसके भाई पर आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, किशोरी कुछ दिन पहले प्रेमी के साथ घर छोड़कर गई थी। घर लौटने के बाद पारिवारिक विवाद के बीच कथित तौर पर भाई ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 1 August 2026, 3:27 PM IST
google-preferred

Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने कथित तौर पर एक 17 वर्षीय किशोरी की जान ले ली। आरोप है कि प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने अपनी ही बहन पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आरोपी घटना के बाद फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।

नौ दिन पहले प्रेमी के साथ गई थी किशोरी

यह घटना सीतापुर जिले के मथुरा थाना क्षेत्र के बझेरा गांव की है। पुलिस के अनुसार, मृतक 17 वर्षीय किशोरी नौ दिन पहले गांव के ही एक युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी। अगले ही दिन पुलिस ने उसे बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था। इसके बाद से परिवार में तनाव का माहौल बना हुआ था और भाई कथित तौर पर इस बात से नाराज था।

24 घंटे में छोड़ा गया 30 हजार क्यूसेक ज्यादा पानी, सीतापुर में नदियों का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत

सुबह हुई कहासुनी, फिर हुआ खूनी हमला

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह भाई-बहन के बीच फिर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर किशोरी जान बचाने के लिए घर से बाहर भागी। आरोप है कि उसका 22 वर्षीय भाई धारदार हथियार (बांका) लेकर उसके पीछे दौड़ा और सड़क पर पहुंचकर उस पर कई वार कर दिए। हमले में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई।

मां के सामने तोड़ दिया दम

बताया जा रहा है कि शोर सुनकर मां मौके की ओर दौड़ी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल किशोरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और सन्नाटा फैल गया।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी मौके से नमूने एकत्र किए हैं, जिनकी जांच रिपोर्ट आगे की विवेचना में शामिल की जाएगी।

सिंदूर, बिंदी और एक दुपट्टा… जी न सके साथ तो मौत को लगाया गले, सीतापुर में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत!

आरोपी की तलाश में कई टीमें

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग के विरोध में हुई हत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।

Location :  Sitapur

Published :  1 August 2026, 3:26 PM IST

Related News

Advertisement