हिंदी
मुजफ्फरनगर में अफसर भी उतरे सड़क पर (IMG: Dynamite News)
Muzaffarnagar: आसमान से लगातार बरसता पानी, सड़कों पर घुटनों तक जलभराव और चारों तरफ पानी ही पानी... हालात ऐसे कि सड़कें तालाब नजर आने लगीं। लेकिन इसी बारिश के बीच कुछ ऐसा भी दिखा, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। लाखों कांवड़ियों के कदम बारिश के आगे नहीं रुके। कोई बाइक पर सवार होकर निकला तो कोई कंधे पर कांवड़ उठाए ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे लगाता हुआ आगे बढ़ता रहा। उधर, कांवड़ यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिले के बड़े अधिकारी भी खुद सड़क पर उतर आए।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह से लगातार हो रही तेज बारिश ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी। कई प्रमुख कांवड़ मार्गों पर बारिश का पानी भर गया। कुछ जगहों पर हालात ऐसे रहे कि सड़क और जलभराव के बीच फर्क करना मुश्किल हो गया। इसके बावजूद कांवड़ियों की आवाजाही लगातार जारी रही। कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर से बड़ी संख्या में शिवभक्त गुजर रहे हैं।
जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी उमेश शर्मा, एसएसपी संजय कुमार वर्मा और एसपी सिटी अमृत जैन पुलिस और प्रशासनिक टीम के साथ कांवड़ मार्गों पर पहुंचे। अधिकारियों ने बारिश के बीच मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इन तस्वीरों में साफ नजर आया कि अधिकारी सिर्फ अपने अधीनस्थों को निर्देश देने तक सीमित नहीं रहे। वे खुद सड़क पर मौजूद रहे और जलभराव वाले इलाकों में जाकर स्थिति को देखा। पानी की निकासी, यातायात व्यवस्था और कांवड़ियों की आवाजाही को लेकर संबंधित विभागों को मौके पर ही जरूरी निर्देश दिए गए।
मुजफ्फरनगर में बारिश का असर साफ दिखाई दिया। सड़कें पानी से लबालब रहीं और कई जगहों पर जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लेकिन शिवभक्तों की आस्था के आगे मौसम की चुनौती छोटी नजर आई। कांवड़िए बारिश में भी अपने गंतव्य की तरफ बढ़ते रहे। कई शिवभक्तों ने कहा कि बारिश कितनी भी तेज हो जाए, उनकी कांवड़ यात्रा नहीं रुकेगी।
कांवड़िए मनोज ने कहा कि वह बाइक और कलश के साथ यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में बारिश काफी ज्यादा हो रही है, लेकिन उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं है। उनका कहना था कि बारिश के बीच कांवड़ यात्रा करने में उन्हें मजा आ रहा है और बाबा की दया बनी हुई है। मनोज ने कहा कि मौसम चाहे जितना खराब हो, शिवभक्त अपनी कांवड़ लेकर आगे बढ़ते रहेंगे। उनके चेहरे पर बारिश की परेशानी से ज्यादा भोलेनाथ के प्रति आस्था नजर आई।
इस समय कांवड़ यात्रा अपने अहम दौर में है। बड़ी संख्या में डाक कांवड़िए भी मुजफ्फरनगर से होकर गुजर रहे हैं। ऐसे में अचानक हुई तेज बारिश ने प्रशासन के सामने चुनौती बढ़ा दी। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि सोमवार सुबह से काफी ज्यादा बारिश हुई है और इसी दौरान डाक कांवड़ियों की बड़ी संख्या इस इलाके से गुजर रही है। इसी को देखते हुए अधिकारी खुद फील्ड में निकले हैं।
कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी और खराब मौसम ने पुलिस-प्रशासन की तैयारियों की भी परीक्षा ली। बारिश के बीच जलभराव वाले मार्गों पर यातायात को नियंत्रित करना, कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और पानी की निकासी कराना बड़ी चुनौती बनी रही।
Location : Muzaffarnagar
Published : 10 August 2026, 9:01 PM IST