पुलिस को शराब पार्टी देने से किया था मना! बीसीए छात्र का पिटाई से फटा कान का पर्दा, भाकियू का थाने में धरना

गंगानगर थाने में तैनात दो सिपाहियों पर बीसीए छात्र की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। आरोप है कि शराब की दावत न देने पर सिपाहियों ने छात्र को थाने में पीटा, जिससे उसके कान का पर्दा फट गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 27 May 2026, 2:06 PM IST
google-preferred

Meerut: मेरठ के गंगानगर थाने में तैनात दो सिपाहियों पर बीसीए छात्र की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। आरोप है कि शराब की दावत न देने पर सिपाहियों ने छात्र को थाने में पीटा, जिससे उसके कान का पर्दा फट गया। मामला सामने आने के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने थाने में करीब पांच घंटे तक धरना दिया।

कार्रवाई के नाम पर मांगे थे रुपये

जानकारी के मुताबिक, बुलंदशहर के जहांगीराबाद निवासी अभिषेक मेरठ की आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में बीसीए प्रथम वर्ष का छात्र है और गंगानगर में किराये पर रहता है। कुछ दिन पहले यूनिवर्सिटी के तीन छात्रों ने उसकी पिटाई कर दी थी, जिसकी शिकायत उसने कंट्रोल रूम में की थी।

आरोप है कि मामले में कार्रवाई के नाम पर थाने के सिपाही अमित यादव और शिव बहादुर ने उससे दो हजार रुपये मांगे। अभिषेक ने एक हजार रुपये दे भी दिए थे।

शराब पार्टी न देने पर की पिटाई

पीड़ित छात्र का आरोप है कि बाद में सिपाहियों ने उससे शराब की दावत देने को कहा। 13 अप्रैल को जब वह दोस्तों के साथ घूम रहा था, तब सादी वर्दी में सिपाही अमित यादव उसका पीछा करने लगा। डर के कारण अभिषेक थाने पहुंच गया, जहां उसकी पिटाई कर दी गई।

मारपीट में छात्र के कान का पर्दा फट गया। आरोप है कि सिपाहियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।

भाकियू कार्यकर्ताओं ने थाने में शुरू कर दी रसोई

घटना की जानकारी मिलने पर मंगलवार को पीड़ित परिवार के साथ भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता गंगानगर थाने पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर में ही खाना बनाना शुरू कर दिया।

एसएसपी ने दोनों सिपाहियों को किया निलंबित

मामले ने तूल पकड़ने पर एसएसपी अविनाश पांडेय ने आरोपी सिपाहियों अमित यादव और शिव बहादुर को निलंबित कर दिया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ।

Location :  Meeurt

Published :  27 May 2026, 2:06 PM IST

Advertisement