महराजगंज में दिन के उजाले में चल रहा खनन का खेल! सरकारी खजाने को बड़ा नुकसान, कुंभकरण की नींद सोए अफसर

नौतनवा तहसील क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। दिनदहाड़े दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और लोडरों से खनन होने के बावजूद प्रशासनिक सख्ती सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आ रही है। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर यह पूरा खेल किसकी शह पर चल रहा है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 12 May 2026, 9:38 PM IST
google-preferred

Maharajganj : नौतनवां तहसील क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का बड़ा मामला सामने आया है। पेंडारी, महदेइया, पुरैनिहा, बरगदवा और जोगियाबारी क्षेत्रों में हो रहे खनन का संयुक्त वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दिन के उजाले में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और लोडर मशीनें खुलेआम मिट्टी खनन में लगी हुई हैं।

पर्यावरण और सरकारी राजस्व को बड़ा नुकसान

लगातार हो रहे अवैध खनन से जहां एक तरफ पर्यावरण पर गंभीर असर पड़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ सरकारी राजस्व को भी बड़ा नुकसान हो रहा है। खेतों की जमीनें गहरी खुदाई से कमजोर हो रही हैं और कई जगहों पर कटाव की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा खेल कुछ लोगों की मिलीभगत से चल रहा है। जिसकी वजह से कार्रवाई सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है।

कार्रवाई के दावों के बीच चलता रहा खेल

स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन की ओर से समय-समय पर कार्रवाई की बात तो कही जाती है। जमीनी स्तर पर इसका असर दिखाई नहीं देता। दिन में खनन की तस्वीरें सामने आने के बाद लोग प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अफसर या तो इस मामले में लापरवाह हैं या फिर पूरी तरह अनदेखी कर रहे हैं। जिसके चलते माफियाओं के हौसले और बढ़ गए हैं।

महराजगंज: विकास योजनाओं की धीमी प्रगति से डीएम नाराज, अधिकारियों पर बरसे

प्रशासन ने पहले की कार्रवाई का किया दावा

मामले पर नायब तहसीलदार शौर्य श्रीवास्तव ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ पिछले एक महीने में अभियान चलाया गया है, जिसमें 8 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और 2 लोडरों को सीज किया गया है। उन्होंने कहा कि खनन विभाग द्वारा जारी परमिट के आधार पर कुछ ईंट भट्ठे संचालित हैं, लेकिन अगर किसी भी तरह का अवैध खनन सामने आता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

परमिट की आड़ में जांच की जरूरत

प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि कई जगहों पर परमिट की आड़ में गलत तरीके से खनन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में पूरे क्षेत्र की विस्तृत जांच जरूरी बताई जा रही है। जिससे यह साफ हो सके कि कौन वैध है और कौन अवैध तरीके से खनन कर रहा है। फिलहाल ग्रामीणों की नजर प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है। जमीनी हकीकत अब भी सवालों के घेरे में है।

Location :  Maharajganj

Published :  12 May 2026, 9:32 PM IST

Advertisement