महराजगंज: विकास योजनाओं की धीमी प्रगति से डीएम नाराज, अधिकारियों पर बरसे

सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने खराब प्रगति वाले विभागों पर सख्ती दिखाई। बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग को फटकार लगाते हुए योजनाओं में तेजी लाने और जवाबदेही तय करने की चेतावनी दी। वनटांगिया गांवों में सोलर लाइट और वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत विकास प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश भी दिए गए।

Maharajganj : जनपद में विकास योजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति का सीएम डैशबोर्ड पर गहन परीक्षण किया और खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों को स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कई विभागों की प्रगति पर जताई नाराजगी

बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, सहकारिता, नेडा, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा उद्योग विभाग सहित कई विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान बी और सी ग्रेड में चल रही योजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की और संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया।

स्वास्थ्य और बाल विकास विभाग पर विशेष असंतोष

डीएम ने विशेष रूप से बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए कहा कि विकास योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से लागू करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें और फील्ड स्तर पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें।

सड़क चौड़ीकरण के नाम पर खेतों में खुदाई, महराजगंज में सड़क निर्माण को लेकर भड़के किसान

खराब प्रगति पर तय होगी जवाबदेही

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि जिन विभागों की प्रगति लगातार खराब पाई जाएगी। वहां जिम्मेदारी तय करते हुए जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजनाओं की रैंकिंग सुधारने के लिए सभी विभाग मिशन मोड में कार्य करें ताकि जनता तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।

वनटांगिया गांवों और वाइब्रेंट विलेज योजना पर निर्देश

समीक्षा के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत वनटांगिया गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट और सोलर हाईमास्ट लगाए जाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत चयनित गांवों में विकास कार्यों के प्रस्ताव जल्द से जल्द जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।

योजनाओं का असर जमीन पर दिखने के निर्देश

डीएम ने अधिकारियों से कहा कि योजनाएं केवल फाइलों और बैठकों तक सीमित न रहें। उनका असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यों को तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए ताकि आम जनता को वास्तविक लाभ मिल सके।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में महेंद्र कुमार सिंह, बी.एन. कन्नौजिया, निरंकार, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, सुनील गुप्ता, कन्हैया यादव और प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  12 May 2026, 7:43 PM IST

Advertisement