रायबरेली में राहुल गांधी की दिशा बैठक खत्म, विकास कार्यों पर हुई समीक्षा, विपक्षी विधायकों ने उठाए जनता से जुड़े मुद्दे

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का दो दिवसीय रायबरेली दौरा दिशा की बैठक के बाद खत्म हो गया। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों, सड़क, पानी, खाद्य सुरक्षा और जनसमस्याओं पर चर्चा हुई। राहुल गांधी ने इस दौरे में मीडिया से कोई बातचीत नहीं की। वहीं विपक्षी विधायकों ने बैठक में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाए।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 9 September 2026, 3:17 PM IST
google-preferred

Raebareli News: रायबरेली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का दो दिवसीय दौरा बुधवार को दिशा की बैठक के साथ समाप्त हो गया। इस बार राहुल गांधी ने दौरे के दौरान मीडिया के सामने कोई बयान नहीं दिया और बैठक खत्म होने के बाद सीधे लखनऊ के लिए रवाना हो गए। हालांकि, उनकी मौजूदगी में हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर जमकर चर्चा हुई।

कलक्ट्रेट सभागार में करीब दो घंटे चली बैठक

राहुल गांधी बुधवार सुबह भुएमऊ स्थित सांसद आवास से निकलकर कलक्ट्रेट सभागार पहुंचे। तय समय के अनुसार वह करीब 11 बजकर 40 मिनट पर बैठक में शामिल हुए। करीब दो घंटे तक चली बैठक में रायबरेली संसदीय क्षेत्र में चल रहे अलग-अलग विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय, राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, अमेठी सांसद केएल शर्मा, समाजवादी पार्टी के विधायक श्याम सुंदर भारती, राहुल लोधी और भाजपा विधायक राकेश कुमार कोरी मौजूद रहे। इसके अलावा जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार समेत जिले के कई विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

खाद्य सुरक्षा और विकास कार्यों पर हुई चर्चा

बैठक के बाद बाहर आए कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि केंद्र सरकार की खाद्य सुरक्षा योजना और जिले में हो रहे विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने दावा किया कि रायबरेली में करीब 21 लाख 92 हजार लोगों को हर महीने 5 किलो गेहूं उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही जिले में सड़क निर्माण समेत कई विकास कार्यों की जानकारी बैठक में दी गई। मंत्री ने कहा कि रायबरेली में करीब 16 हजार छोटी-बड़ी सड़कों का निर्माण कराया गया है और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर लगातार काम किया जा रहा है।

राहुल लोधी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा

वहीं दिशा बैठक के बाद समाजवादी पार्टी के हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लगातार बैठकों में उठाया जा रहा है, लेकिन समाधान नहीं हो रहा है। राहुल लोधी ने सड़क, पानी, बाढ़ और पेंशन जैसी समस्याओं को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण इलाकों में लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले राहुल लोधी और बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती प्लेकार्ड और पोस्टर लेकर बैठक में पहुंचे थे। उन्होंने हरचंदपुर क्षेत्र के सरकारी स्कूलों के बंद होने और जिला पंचायत की खराब सड़कों का मुद्दा अधिकारियों के सामने रखा।

विकास कार्यों को लेकर आमने-सामने दिखे सत्ता और विपक्ष

दिशा बैठक में जहां सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर जानकारी दी गई, वहीं विपक्षी विधायकों ने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विधायकों ने ग्रामीण इलाकों में सड़क, पानी, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग की। बैठक खत्म होने के बाद राहुल गांधी बिना मीडिया से बातचीत किए लखनऊ के लिए रवाना हो गए। उनके इस दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया। वहीं बैठक में उठे मुद्दों को लेकर अब प्रशासन से कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

Location :  Raebareli

Published :  9 September 2026, 3:17 PM IST

Advertisement