हिंदी
उत्तराखंड सर्राफा बाजार (सोर्स- Pinterest)
Dehradun: त्योहारों और शादी के सीजन के बीच सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सर्राफा बाजार में एक बार फिर रौनक लौट आई है। पिछले कुछ समय से लगातार बढ़ रहे दामों के कारण फीकी पड़ी बाजार की चमक अब कीमतों के नीचे आने से वापस आ गई है। दाम कम होने की सूचना मिलते ही राजधानी के प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
राजधानी दून के धामावाला, राजपुर रोड और अन्य प्रमुख सर्राफा बाजारों में शनिवार को खरीदारों का तांता लगा रहा। जिन घरों में शादियां तय हैं या जिन्हें आगामी त्योहारों के लिए खरीदारी करनी है, वे इस सुनहरे मौके का पूरा फायदा उठा रहे हैं। स्थिति यह है कि पिछले दो दिनों में ही आभूषणों की बुकिंग में सामान्य दिनों के मुकाबले 30 प्रतिशत तक की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई है। करवाचौथ और अन्य आगामी पर्वों के लिए गले के सेट, अंगूठी और पारंपरिक गहने धड़ल्ले से खरीदे जा रहे हैं।
Gold Price Today: सोने का भाव और नीचे, दिल्ली-लखनऊ-जयपुर में 22 कैरेट गोल्ड 1,34,040 रुपये पर
सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक, पिछले कुछ हफ्तों से लगातार उछाल मार रहे दामों में अब राहत मिली है। व्यापारियों ने जानकारी दी कि जहां 17 अक्टूबर को 24 कैरेट सोने का भाव डेढ़ लाख रुपये से अधिक था, वहीं शनिवार तक यह गिरकर करीब 1.44 लाख रुपये के स्तर पर पहुंच गया। सराफा मंडल, देहरादून द्वारा जारी नए आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में बाजार में विभिन्न श्रेणियों के दाम इस प्रकार हैं-
24 कैरेट सोना: 1,44,900 रुपये प्रति 10 ग्राम
22 कैरेट सोना: 1,30,200 रुपये प्रति 10 ग्राम
चांदी: 2,00,000 रुपये प्रति किलो
सोने के साथ-साथ इस बार चांदी के आभूषणों और पूजा सामग्री को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। धनतेरस के पावन पर्व को ध्यान में रखते हुए लोग अभी से एडवांस बुकिंग करा रहे हैं। बाजार में इस समय चांदी की विशेष मांग बनी हुई है, जिसमें चांदी की मछली, चाबी, कुबेर यंत्र और लक्ष्मी-गणेश की चांदी की प्रतिमाओं की बुकिंग सबसे ज्यादा हो रही है।
सर्राफा बाजार के दुकानदारों का कहना है कि पिछले दो दिनों में दाम कम होने से खरीदारों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। त्योहारी सीजन में आगे चलकर दाम फिर से बढ़ने की आशंका के चलते लोग अभी से खरीदारी और बुकिंग में जुट गए हैं। कीमतों में आई इस हल्की राहत का असर सीधे तौर पर कारोबार पर दिख रहा है। करवाचौथ, धनतेरस और शादियों के सीजन को देखते हुए ग्राहकों का रुझान विशेष तौर पर चांदी के पूजा सामान और वैवाहिक आभूषणों की बुकिंग की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
Location : Dehradun
Published : 25 October 2026, 8:23 AM IST
Topics : Dehradun Sarrafa Bazar Dhanteras Shopping Gold Silver Price Drop Gold Price Uttarakhand Gold Rate