हिंदी
सपा की बैठक
Bareilly : समाजवादी पार्टी कार्यालय बहेड़ी पर आयोजित मासिक बैठक में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया। बैठक में प्रदेश महासचिव एवं बहेड़ी विधायक व पूर्व मंत्री अता उर रहमान ने कार्यकर्ताओं को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुट जाने का स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव कभी भी हो सकते हैं। इसलिए संगठन को अभी से बूथ स्तर तक मजबूत करना बेहद जरूरी है।
बैठक को संबोधित करते हुए अता उर रहमान ने कहा कि सभी सेक्टर प्रभारी अपनी-अपनी कमेटियों को मजबूत करें और बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाए। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता सक्रिय नहीं हैं, उनकी जगह नए और मेहनती लोगों को जोड़ा जाए ताकि संगठन पूरी तरह चुनावी मोड में आ सके।
विधायक अता उर रहमान ने केसर चीनी मिल की नीलाम की गई जमीन को लेकर भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मिल पर किसानों का करीब 161 करोड़ रुपये बकाया है, जिसे जमीन की नीलामी से चुकाया जाना था।
उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन का बाजार मूल्य लगभग 100 करोड़ रुपये था, लेकिन इसे मात्र 28 करोड़ 5 लाख रुपये में नीलाम कर दिया गया, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
बरेली में बड़ा हादसा टला: बहेड़ी बाजार में चार ट्रांसफार्मरों में भीषण आग, धमाकों से मचा हड़कंप
सपा नेता ने कहा कि इस नीलामी से बहेड़ी क्षेत्र के करीब 65 हजार किसानों में भारी आक्रोश है। उन्होंने इसे सुनियोजित लूट करार देते हुए कहा कि किसानों को उनका पूरा हक नहीं मिल पाएगा। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि चीनी मिल के पास अब भुगतान के लिए कोई पर्याप्त संसाधन नहीं बचे हैं।
सपा ने बैठक में बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि बहेड़ी विधानसभा के 33 सेक्टरों में भाजपा के खिलाफ ‘पोल खोल’ अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के जरिए जनता को सरकार की नीतियों और कथित अनियमितताओं के बारे में जागरूक किया जाएगा।
बैठक के बाद समाजवादी पार्टी ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम महोदया को सौंपा, जिसमें मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा छोड़कर दर्जनों किसानों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें शिव प्रसाद कश्यप, दीनदयाल पाल, विजय पाल बेलदार, नन्हे सिंह बेलदार, रूप किशोर बेलदार, राधेश्याम बीडीसी और हुरमत सिंह बेलदार सहित कई लोग शामिल रहे।
विधायक अता उर रहमान ने सभी नए सदस्यों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और भरोसा जताया कि यह सभी 2027 चुनाव में पार्टी को मजबूती देंगे तथा अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने में योगदान देंगे।
Location : Bareilly
Published : 6 June 2026, 2:36 AM IST