गोरखपुर में मौसम का तांडव : आंधी के बाद तबाही का मंजर, कई गांवों में नुकसान

ख़जनी: तेज आंधी का कहर: खजनी क्षेत्र में उखड़े पेड़, गिरी दीवारें, सड़क पर आ गिरा टिन; यातायात बाधित,पढिए पूरी खबर

Gorakhpur : खजनी क्षेत्र में शुक्रवार को अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। कुछ ही मिनटों में मौसम ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि कई गांवों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। तेज हवाओं के चलते पेड़, टहनियां और निर्माण सामग्री गिरने से कई स्थानों पर नुकसान हुआ है।

अचानक बदले मौसम ने मचाई तबाही

स्थानीय लोगों के अनुसार मौसम अचानक बदला और देखते ही देखते तेज हवाएं चलने लगीं। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोग संभल भी नहीं पाए और कई जगह नुकसान हो गया। सतुआभार-कटघर मार्ग पर एक बड़ा टिन शेड उड़कर सड़क पर गिर गया, जिससे रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया और यातायात ठप हो गया।

सड़क पर लगा लंबा जाम, आवागमन प्रभावित

टिन शेड गिरने के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और मौके पर राहत कार्य शुरू किया गया। लेखपाल कौटिल्य दुबे की देखरेख में टिन शेड हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। जिसके बाद मार्ग को आंशिक रूप से खोल दिया गया।

एक नाम, कई केस और अचानक हुई 75 लाख की संपत्ति कुर्क… गोरखपुर में क्या चल रहा था अंदरखाने?

तहसील परिसर में भी नुकसान

खजनी तहसील परिसर में भी तेज आंधी का असर देखने को मिला। एक पेड़ की मोटी डाल टूटकर नीचे खड़ी बाइक और कार पर गिर गई, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

गांवों में भी हुआ नुकसान

रामपुर पांडेय गांव में तेज हवाओं के कारण एक बाउंड्री वॉल पूरी तरह गिर गई। कई अन्य स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर गिर गईं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। लोगों का कहना है कि कुछ ही मिनटों की आंधी ने पूरे इलाके की तस्वीर बदल दी।

प्रशासन कर रहा नुकसान का आकलन

प्रशासनिक टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

Location :  Gorakhpur

Published :  6 June 2026, 1:54 AM IST

Advertisement