हिंदी
करंट लगने से किसान की मौत (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोला कस्बे के वार्ड नंबर 10 स्थित बर्राह गांव में सोमवार देर रात एक हृदयविदारक हादसे में 44 वर्षीय किसान की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही गोला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बर्राह गांव निवासी संतोष यादव (44) पुत्र स्वर्गीय रामजी यादव सोमवार की रात करीब 11 बजे अपने घर में खराब पड़े पंखे का विद्युत तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली का तेज करंट उनकी चपेट में आ गया। करंट इतना शक्तिशाली था कि संतोष गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना गोला पुलिस को दी।
Gorakhpur: धारदार हथियार के हमले से जिंदगी की जंग हारा युवक, देर शाम गांव में क्यों मचा बवाल?
बताया जाता है कि संतोष अपने दिवंगत पिता के इकलौते पुत्र थे। पिता के निधन के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में उनकी वृद्ध माता, पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा हैं। संतोष की असामयिक मौत से परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Gorakhpur News: पुरानी दुश्मनी का खौफनाक बदला, क्या हुआ था उस दिन
हादसे की खबर फैलते ही गांव में शोक का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने लगे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि संतोष मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे तथा किसी से कोई विवाद नहीं था।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर घरेलू विद्युत उपकरणों की मरम्मत के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने लोगों से अपील की है कि बिजली से जुड़े किसी भी कार्य को बिना पर्याप्त सुरक्षा या विशेषज्ञ की सहायता के न करें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
Location : Gorakhpur
Published : 21 July 2026, 1:53 PM IST