हिंदी
ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान
Gorakhpur : सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए गोरखपुर यातायात पुलिस ने शुक्रवार को बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया। शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर की गई इस कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती दिखाई गई। अभियान के दौरान कुल 905 वाहनों का चालान किया गया, जबकि कई वाहनों के खिलाफ अन्य कानूनी कार्रवाई भी की गई।
पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में टीआई मनोज कुमार राय, टीआई बीर बहादुर सिंह, टीआई जगमोहन राय और यातायात पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग की। नौकायान क्षेत्र में मॉडिफाइड साइलेंसर और मानक के अनुरूप हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) न लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 9 वाहनों का चालान किया गया, जबकि मानक नंबर प्लेट न पाए जाने पर 27 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। गंभीर उल्लंघन के मामलों में 5 वाहनों को सीज भी कर दिया गया।
जिसे बच्चों की हिफाजत करनी थी, उसी पर लगे सनसनीखेज आरोप; गोरखपुर में हर कोई हैरान
यातायात निदेशालय के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रमुख मार्गों पर स्पीड रडार के माध्यम से निगरानी की गई। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 81 चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई। पुलिसकर्मियों ने लाउड हेलर के माध्यम से वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक भी किया।
दिनभर चले इस विशेष अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 905 वाहनों का चालान किया गया। साथ ही मौके पर 52 हजार रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया। यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे मानक नंबर प्लेट का प्रयोग करें, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें और निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाएं। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
Location : Gorakhpur
Published : 6 June 2026, 12:01 AM IST