हिंदी
पुजारियों का घमासान
Maharajganj: जिले का प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया इस समय आस्था के बजाय विवादों का केंद्र बना हुआ है। हर साल सावन और भाद्रपद के धार्मिक आयोजनों के दौरान यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। इसी क्रम में हाल ही में हरितालिका तीज पर भी बड़ी संख्या में महिलाएं मंदिर पहुंचीं। भगवान शिव को फल-फूल, वस्त्र और अन्य सामग्री अर्पित की। लेकिन इस बार आस्था के इस आयोजन पर विवाद की काली छाया पड़ गई।
पुजारियों में हुआ विवाद
दरअसल, चढ़ावे के बंटवारे को लेकर मंदिर के दोनों पुजारियों ध्यान गिरी उर्फ मुन्ना गिरी और कन्हैया गिरी के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ा कि मंदिर परिसर अखाड़े में बदल गया। हाथापाई की नौबत आने तक हालात बिगड़ गए और पूरा घटनाक्रम किसी ने मोबाइल कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
महराजगंज में बजाज बाइक एजेंसी पर फिर उठा ठगी का आरोप, एजेंसी छोड़ जिम्मेदार गायब
श्रद्धालुओं में आक्रोश
मंदिर परिसर में इस प्रकार का विवाद देखकर श्रद्धालु भड़क उठे। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल आस्था और मर्यादा का केंद्र होते हैं, लेकिन यहां पर हो रही खींचतान से सनातन धर्म की गरिमा धूमिल हो रही है। श्रद्धालुओं ने यह भी कहा कि जिन पुजारियों के हाथों से भगवान की पूजा-अर्चना होती है। उन्हीं के बीच झगड़े की तस्वीर समाज में गलत संदेश दे रही है। एक श्रद्धालु महिला ने नाराजगी जताते हुए कहा, “हम हर साल यहां व्रत और पूजा करने आते हैं, लेकिन इस बार का दृश्य देखकर मन आहत हो गया। जहां भगवान का भजन होना चाहिए, वहां लड़ाई-झगड़े की आवाज सुनाई दे रही है।”
प्रशासन की व्यवस्था पर भी सवाल
गौरतलब है कि पंचमुखी शिव मंदिर लंबे समय से पुजारियों के विवाद का गवाह रहा है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने पहले से यह व्यवस्था कर रखी थी कि दोनों पुजारी बारी-बारी से 15-15 दिन पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बावजूद आए दिन झगड़े की स्थिति बन जाती है। हर बार चढ़ावे और चढ़ी हुई वस्तुओं के बंटवारे को लेकर तनातनी शुरू हो जाती है, जो धीरे-धीरे खुले विवाद में बदल जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन और मंदिर समिति ने इस पर सख्ती से ध्यान न दिया तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
महराजगंज में फिल्मी स्टाइल किया कार का पीछा; दुर्घटना कर भागी, ग्रामीणों ने सिसवा में पकड़वाई
मंदिर परिसर पर लगे आरोप
मामले को और गंभीर बना देने वाली बात यह है कि स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने ध्यान गिरी उर्फ मुन्ना गिरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने मंदिर परिसर की पवित्रता को भंग कर दिया है और इसे “पार्टी हब” बना डाला है। आरोप है कि आए दिन यहां पार्टी जैसे आयोजन होते हैं। जहां न तो धार्मिक मर्यादाओं का पालन किया जाता है और न ही मंदिर की गरिमा का। इसी कारण साधु-संत समाज और मंदिर समिति के सदस्य भी नाराज हैं। उनका कहना है कि भगवान शिव के इस ऐतिहासिक मंदिर को विवादों और व्यक्तिगत स्वार्थ की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा।
आस्था बनाम विवाद
पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था का प्रतीक माना जाता है। यहां हर वर्ष सावन, महाशिवरात्रि और तीज के अवसर पर विशेष आयोजन होते हैं। लेकिन इस बार पुजारियों की खींचतान ने मंदिर की पवित्रता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालु अब यही उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन जल्द ही सख्त कदम उठाकर मंदिर का वातावरण शांति और धार्मिकता से परिपूर्ण करे। क्योंकि उनके अनुसार, भगवान शिव के मंदिर में झगड़े और विवाद नहीं, बल्कि भक्ति और भजन की गूंज होनी चाहिए।
Location : Maharajganj
Published : 27 August 2025, 10:03 PM IST
Topics : Crime in Maharajganj crime news Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) mandir Panchmukhi Shiv Temple