हिंदी
बलरामपुर में जमीन के लिए खूनी संघर्ष (IMG: Dynamite News)
Balrampur: बलरामपुर जिले के महाराजगंज तराई कोतवाली क्षेत्र में जमीन के पुराने विवाद को लेकर जमकर बवाल हो गया। मुड़िला गांव में खेत पर पहुंचे तीन लोगों को कथित तौर पर दूसरे पक्ष के लोगों ने घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावर पहले से ही घात लगाकर बैठे थे और उनके हाथों में लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार कुल्हाड़ी थी।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक, हमलावरों ने अचानक कार पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से वाहन के शीशे तोड़ दिए गए। इसके बाद कार के अंदर बैठे तीनों लोगों को बाहर खींच लिया गया और उनके साथ जमकर मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने शिवचरनलाल, उनके भाई गोविंदलाल और ड्राइवर मोतीचंद को बेरहमी से पीटा। मारपीट में शिवचरनलाल का एक दांत टूट गया, जबकि अन्य दोनों लोगों को भी चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि जब विवाद बढ़ता गया और तीनों लोगों की जान को खतरा महसूस हुआ तो बीच-बचाव के दौरान लाइसेंसी रिवाल्वर से हवाई फायरिंग की गई। हवाई फायरिंग की आवाज सुनते ही मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आरोप है कि इसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घटना के बाद सूचना पुलिस तक पहुंची तो टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस के मुताबिक, पूरे विवाद की जड़ जमीन को लेकर पुराना विवाद बताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ, उसका बैनामा उनके नाम दर्ज है। दूसरे पक्ष की ओर से इस जमीन को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाया गया था और स्टे लिया गया था। बताया जा रहा है कि हाल ही में अदालत की ओर से स्टे निरस्त कर दिया गया था।
पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर में गांव के राजकुमार, मन्नू, हीरालाल, लालमणि, उदयराज, रविन्द्र और अमित कुमार समेत अन्य लोगों के नाम बताए गए हैं। इसके अलावा कुछ अज्ञात महिलाओं पर भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
बलरामपुर में 3 बीघे जमीन को लेकर खूनी खेल, अपनों ने ही अपनों पर बोला हमला; एक की मौत
घटना की सूचना मिलने के बाद महाराजगंज तराई कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Location : Balrampur
Published : 17 August 2026, 6:44 PM IST