ग्रेटर नोएडा में नौसेना अधिकारी की बेटी के अश्लील फोटो वायरल, डिलीट करने के लिए आरोपी ने मांगे एक करोड़ रुपये

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर निवासी विशाल राणा नामक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की खास रिपोर्ट

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 26 May 2025, 1:17 PM IST
google-preferred

ग्रेटर नोएडा: शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक नौसेना अधिकारी की बेटी को फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर ब्लैकमेल करने और परिवार सहित मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का संगीन आरोप सामने आया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, सेक्टर बीटा-2 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले नौसेना के कैप्टन ने बीटा-2 थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर निवासी विशाल राणा नामक युवक ने उनकी बेटी के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर न केवल उसकी छवि धूमिल की बल्कि परिवार को लगातार धमकियां भी दीं।

फर्जी आईडी पर एआई टूल्स से बनाए अश्लील वीडियो और फोटो

पीड़ित अधिकारी ने बताया कि आरोपी युवक ने उनकी बेटी के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई। इस आईडी पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स के माध्यम से अश्लील वीडियो और तस्वीरें तैयार कर अपलोड की गई। इन आपत्तिजनक सामग्रियों का इस्तेमाल कर आरोपी ने पहले तो 21 हजार रुपये ऐंठे और अब एक करोड़ रुपये की फिरौती की मांग कर रहा है।

परिवार को लगातार मिल रही धमकियां

केवल पीड़िता ही नहीं, आरोपी द्वारा पीड़िता की मां और अन्य परिवारजनों को भी निशाना बनाया गया है। आरोपी ने अलग-अलग नंबरों से कॉल और मैसेज कर उन्हें अश्लील सामग्री भेजी। यहां तक कि पीड़िता के दोस्तों को भी उकसाया गया।

पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

पीड़िता को इंस्टाग्राम के माध्यम से जान से मारने की धमकी भी दी गई। परिवार के मोबाइल नंबरों पर अश्लील और अभद्र भाषा में संदेश भेजे गए। पीड़ित परिवार इस पूरे मामले से मानसिक रूप से काफी आहत है और उन्होंने न्याय की गुहार लगाई है।

पुलिस जांच में जुटी, जल्द होगी गिरफ्तारी

थाना बीटा-2 प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल को जांच सौंपी गई है। आरोपी के मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया अकाउंट्स की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Location : 
  • Greater Noida

Published : 
  • 26 May 2025, 1:17 PM IST

Advertisement