हिंदी
भारतीय किसान यूनियन का धरना प्रदर्शन (Img: Dynamite News)
Noida: गौतमबुद्ध नगर में जिम्स अस्पताल के कर्मचारियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने जिला मुख्यालय सूरजपुर पर धरना-प्रदर्शन किया। संगठन ने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर गिरफ्तार कर्मचारियों की रिहाई, मुकदमे वापस लेने और जिम्स डायरेक्टर के खिलाफ जांच की मांग उठाई।
गौतमबुद्ध नगर में जिम्स अस्पताल के कर्मचारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार को जिला मुख्यालय सूरजपुर पर धरना-प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ता रॉबिन नागर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे को सौंपा। इस दौरान यूनियन नेताओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कर्मचारियों को न्याय दिलाने की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर पुलिस प्रशासन पिछले दो-तीन वर्षों से निरंकुश रवैया अपना रहा है। उनका आरोप है कि जनपद में अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले लोगों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को रखने वालों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।
हमीरपुर के विशाल पैदल मार्च ने खींचा लोगों का ध्यान; जानिये अचानक क्यों पनपा जनाक्रोश?
यूनियन के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रवक्ता पवन खटाना ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले जिम्स अस्पताल में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना दे रहे कर्मचारियों, जिनमें महिला कर्मचारी भी शामिल थीं, पर रात के समय पुलिस ने लाठीचार्ज किया और उन्हें धरनास्थल से उठाकर गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को कहां ले जाया गया, इसकी जानकारी भी परिजनों और साथियों को समय पर नहीं दी गई।
भारतीय किसान यूनियन ने जिला प्रशासन के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें गिरफ्तार सभी कर्मचारियों की बिना शर्त रिहाई, कर्मचारियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेना, उनकी लंबित मांगों का शीघ्र समाधान और जिम्स अस्पताल के डायरेक्टर ब्रिगेडियर राकेश गुप्ता पर लगे आरोपों की उच्च स्तरीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई करना शामिल है।
यूनियन नेताओं ने कहा कि अगर उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो भारतीय किसान यूनियन बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। संगठन ने प्रशासन से पुलिस की कथित सख्ती पर रोक लगाने और कर्मचारियों को न्याय दिलाने की मांग की है।
Location : Noida
Published : 29 June 2026, 4:57 PM IST