हिंदी
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के खतौली में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 10 हजार का इनामी गौकश शकील घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से अवैध हथियार और बिना नंबर की बाइक बरामद की है, जबकि उसके साथी फरार हैं।
ऑपरेशन क्लीन के तहत बड़ी कार्रवाई (Img- Internet)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। खतौली थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें 10 हजार रुपये का इनामी गौकश शकील पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम खतौली थाना क्षेत्र के लिंक रोड पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो उसने अचानक दिशा बदलकर भागने का प्रयास किया। पुलिस को उस पर शक हुआ और टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस के पीछा करने पर आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम शकील बताया।
पूछताछ में सामने आया कि घायल बदमाश शकील मूल रूप से मेरठ जनपद का निवासी है और एक शातिर गौकश है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। खतौली क्षेत्र में गोवंश चोरी के एक मामले में वह वांछित चल रहा था, जिसके चलते पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।
मुजफ्फरनगर के खतौली में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 10 हजार का इनामी गौकश शकील घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से अवैध हथियार और बाइक बरामद की, जबकि उसके साथी मौके से फरार हो गए।#Muzaffarnagar #PoliceEncounter #UPPolice pic.twitter.com/EKUjJTWzVy
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) March 28, 2026
मुजफ्फरनगर में नशा माफिया पर बड़ी कार्रवाई, अंतरजनपदीय तस्कर की 34 संपत्तियां जब्त; पढ़ें पूरा मामला
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। खास बात यह है कि बरामद बाइक पर “प्रेस” लिखा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान शकील के कुछ अन्य साथी भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में कॉम्बिंग अभियान चला रही है और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग की जा रही है।
Crime News: मुजफ्फरनगर में बड़ा खुलासा, इंटरनेशनल कॉल को लोकल बनाकर करोड़ों का खेल… पढे़ं पूरी खबर
घायल बदमाश को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य मामलों में भी उसकी संलिप्तता खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।