हिंदी
एक पिता जो अपनी बेटी के ससुराल से लौटकर आया था, घर पहुँचते ही हत्यारा कैसे बन गया? फतेहपुर के सिंधुतारा गांव में हुए इस जानलेवा हमले के पीछे की पूरी कहानी और पुलिस की अब तक की जाँच यहाँ पढ़ें।
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Fatehpur: सनसनीखेज वारदात फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के सिंधुतारा गांव में सामने आई है। घटना उस समय हुई जब महिला अपने मायके में घर पर अकेली मौजूद थी और उसकी मां खेत में गेहूं काटने गई थीं। इसी दौरान उसका पति वहां पहुंचा और कुछ ही देर में विवाद खूनी हमले में बदल गया।
फतेहपुर के असोथर थाना क्षेत्र में एक पति ने अपनी पत्नी पर अवैध संबंध होने के शक में जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि पति ने शराब के नशे में धारधार हथियार से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ तीन वार किए, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। हमले के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
घायल महिला की पहचान उर्मिला देवी, पत्नी रामबाबू निषाद, निवासी दरियावपुर मजरे जरौली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उर्मिला देवी कुछ समय से अपने मायके सिंधुतारा गांव में रह रही थीं।
शादीशुदा मर्द का लिव-इन रिश्ता अपराध नहीं! इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, पढ़ें पूरा मामला
यह पूरा मामला असोथर थाना क्षेत्र के सिंधुतारा गांव, जिला फतेहपुर का है। महिला का ससुराल दरियावपुर मजरे जरौली में है, जबकि आरोपी पति भगवंत नगर, उन्नाव से लौटकर आया था, जहां वह अपनी बेटी प्रीती के ससुराल गया हुआ था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पति रामबाबू निषाद को अपनी पत्नी के अवैध संबंधों का शक था। इसी बात को लेकर उसने घर पहुंचते ही पत्नी पर आरोप लगाने शुरू कर दिए। आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों में कहासुनी बढ़ी और मामला हिंसक हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी उस वक्त शराब के नशे में धुत था।
जैसे ही विवाद बढ़ा, आरोपी पति ने घर में मौजूद धारदार हथियार उठाया और पत्नी के सिर पर लगातार तीन वार कर दिए। हमले में उर्मिला देवी बुरी तरह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। शोर-शराबा सुनने के बाद परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई।
घायल महिला के भाई मिथलेश ने बताया कि जीजा ने बहन पर गलत आरोप लगाकर पहले विवाद किया और फिर जानलेवा हमला कर दिया। बाद में उन्होंने ही अपनी बहन को ई-रिक्शा से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर पहुंचाया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उर्मिला देवी के तीन बच्चे प्रीती (20), रोहित (17) और शीलू (7) हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आरोपी पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।