हिंदी
अबू धाबी में मिसाइल घटना (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Abu Dhabi: संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही मार गिराया गया। यह मिसाइल कथित तौर पर ईरान से जुड़ी बताई जा रही है। घटना खलीफा इकोनॉमिक जोन अबू धाबी (KEZAD) के पास हुई, जहां यूएई की अत्याधुनिक हवाई सुरक्षा प्रणाली ने समय रहते मिसाइल को इंटरसेप्ट कर लिया।
हालांकि मिसाइल को नष्ट कर दिया गया, लेकिन उसके टुकड़े आसपास के इलाके में गिर गए, जिससे हालात अचानक युद्ध जैसे बन गए और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
इस घटना का सबसे बड़ा असर वहां काम कर रहे भारतीय नागरिकों पर पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, मिसाइल के मलबे के गिरने से पांच भारतीय नागरिक घायल हो गए। घायलों को मामूली से लेकर मध्यम दर्जे की चोटें आई हैं।
Budaun News: पुलिस पर फायरिंग और… मुठभेड़ के बाद वांछित बदमाश गिरफ्तार; पढ़ें पूरी खबर
घटना के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने विदेश में काम कर रहे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
अबू धाबी मीडिया ऑफिस ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि यह घटना हवाई सुरक्षा प्रणाली द्वारा एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोकने के बाद हुई। बयान के अनुसार, "KEZAD के आसपास हुई घटना मिसाइल इंटरसेप्शन के दौरान गिरे मलबे के कारण हुई, जिसमें भारतीय नागरिकता वाले पांच लोग घायल हुए हैं।"
हालांकि, घायलों की विस्तृत पहचान या अन्य नुकसान के बारे में तत्काल कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की गई है।
यूएई में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक काम करते हैं, खासकर औद्योगिक क्षेत्रों में। ऐसे में इस घटना ने वहां मौजूद भारतीय समुदाय के बीच चिंता बढ़ा दी है।
लोगों का कहना है कि यदि मिसाइल का मलबा आबादी वाले इलाके में गिर सकता है, तो भविष्य में और बड़े खतरे से इनकार नहीं किया जा सकता। इस घटना ने विदेशी जमीन पर काम कर रहे लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Abu Dhabi
Published : 28 March 2026, 2:03 PM IST