हिंदी
रामनवमी पर झुलूस के दौरान तनाव ( Photo Source: Dynamite News)
Dhanbad: झारखंड के धनबाद जिले में शनिवार को रामनवमी के मौके पर निकाले जा रहे जुलूस के दौरान हिंसा भड़क उठी। बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक जुलूस पर पथराव कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस हालत को काबू करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, अखाड़ा जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहा था। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे और माहौल धार्मिक उत्साह से भरा हुआ था। तभी अचानक कुछ लोगों ने भीड़ पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिससे मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई।
रामनवमी पर जुलूस के दौरान तनाव
इस पथराव की घटना में करीब एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी, जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई। घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर कैंप करते रहे हैं। अभी-भी हालात नजर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गई। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। इलाके में फिलहाल सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और लगातार पुलिस गश्त जारी है। क्षेत्र में धारा 163 भी लागू कर दी गई है, जो अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
रामनवमी पर जुलूस के दौरान अफरातफरी
मौके पर डीसी, एसएसपी, डीएसपी और सिटी एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। अधिकारी स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं, ताकि माहौल सामान्य हो सके।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पथराव करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
मामले को लेकर धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि उपद्रव में शामिल किसी भी अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। साथ ही पूरे मामले की गहन जांच जारी है और घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
Location : Dhanbad
Published : 28 March 2026, 1:13 PM IST
Topics : Dhanbad Jharkhand Ram Navami tension