हिंदी
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया
Budaun: बदायूं पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अपहृत युवक मुनीर उर्फ छोटा को सकुशल बरामद कर लिया है और इस मामले में पांच अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम जुनैद, इब्ने अली उर्फ शाहरूख, कैश मोहम्मद, पुष्पक म्हात्रे और निगार आलम हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से एक इनोवा कार, एक मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है।
अपहृत मुनीर के मोबाइल की लोकेशन मुंबई में मिली
यह कार्रवाई थाना अलापुर पुलिस द्वारा की गई, जिसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में तेजी से काम किया। एसएसपी ने घटना के तुरंत बाद अपहृत की शीघ्र बरामदगी के निर्देश देते हुए एक विशेष टीम का गठन किया था। एसएसपी के आदेश पर गठित टीम के पर्यवेक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी और क्षेत्राधिकारी दातागंज कृष्ण कुमार तिवारी शामिल रहे। इनके मार्गदर्शन में थाना अलापुर की पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से तकनीकी इनपुट जुटाए। अपहृत मुनीर के मोबाइल की लोकेशन मुंबई में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम बिना देरी किए मुंबई रवाना की गई।
मुंबई सेंट्रल स्टेशन से मुनीर को सकुशल बरामद किया
लगातार खोजबीन और स्थानीय पुलिस की मदद से अलापुर पुलिस ने 24 अक्टूबर 2025 को मुंबई सेंट्रल स्टेशन से मुनीर को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद उसे पुलिस सुरक्षा में फ्लाइट से बदायूं लाया गया और नियमानुसार विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। उधर, दूसरी टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक व सर्विलांस साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्तों की पहचान की और संभावित ठिकानों पर दबिशें दीं।
सभी आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
आज 27 अक्टूबर 2025 को पुलिस टीमों के अथक प्रयासों से पांचों आरोपियों को अलापुर-बदायूं मार्ग पर ककराला की तरफ अमरूद के बाग के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी अपहरण की साजिश में शामिल थे और वे मुनीर को अन्यत्र ले जाने की फिराक में थे।
एसएसपी का बयान
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि यह पुलिस टीम की सतर्कता, त्वरित निर्णय और तकनीकी मदद का परिणाम है कि अपहृत को सकुशल बरामद किया जा सका और सभी आरोपी अब पुलिस हिरासत में हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की भी जानकारी सामने आ सकती है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ अपहरण, गैरकानूनी हथियार रखने और आपराधिक साजिश के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Badaun
Published : 27 October 2025, 6:02 PM IST
Topics : Badaun News Badaun Police Crime in Badaun