हिंदी
अपहरण कांड का सनसनीखेज खुलासा- सोर्स डाइनामाइट न्यूज
Mirzapur: मिर्जापुर में थाना अदलहाट पुलिस और एसओजी सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कथित यू ट्यूबर अपहरण कांड का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में पूरा मामला फर्जी निकला। इस मामले में खुद वादिनी सरिता सिंह पटेल ही मुख्य साजिशकर्ता पाई गई। पुलिस ने षड्यंत्र में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जिसका खुलासा एसपी ऑपरेशन राजकुमार मीणा ने पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।
एसपी ऑपरेशन ने बताया कि 6 मई 2026 को सरिता सिंह पटेल पत्नी सुभाष सिंह पटेल निवासी दीक्षितपुर थाना चुनार ने थाना अदलहाट में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर चार दिनों तक बंधक बनाकर रखा। इस आधार पर थाना अदलहाट में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक, भौतिक और सर्विलांस साक्ष्यों की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि कथित अपहरण की घटना पूरी तरह से सुनियोजित षड्यंत्र थी।
पूछताछ में खुलासा
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि सरिता पटेल अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पुलिस को झूठे मुकदमे में फंसाकर दबाव बनाने और धन उगाही की योजना बना रही थी। पुलिस के अनुसार सरिता पटेल एक इलेक्ट्रॉनिक यू-ट्यूबर है और कुछ मामलों में कार्रवाई को लेकर चुनार पुलिस से नाराज थी।
योजना के तहत सह-अभियुक्त परिचित अमरदीप ने सरिता पटेल को मोटरसाइकिल से राजगढ़ क्षेत्र तक पहुंचाया, जहां उसने पहचान छिपाने के लिए साड़ी पहनी और खुद ही अपने हाथ-पैर बंधवाए। घटना को गंभीर दिखाने के लिए मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकालकर उसके शरीर पर छिड़कने की तैयारी भी की गई थी, ताकि पुलिस के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा सके।
पढ़ाई नहीं, परवरिश तय करती है बच्चे का आत्मविश्वास-जानिए पेरेंटिंग के ये असरदार टिप्स
पुलिस ने मामले में सरिता सिंह पटेल पत्नी सुभाष सिंह पटेल दीक्षितपुर थाना चुनार, परिचित अमरदीप पुत्र स्वर्गीय कमल कुमार निवासी विशेषरपुर माफी थाना अदलहाट, परिचित विजय कुमार सिंह पुत्र बलबंत सिंह निवासी थिरेसापुर अदलपुरा थाना चुनार, पति सुभाष पुत्र स्वर्गीय गंगाराम निवासी दीक्षितपुर थाना चुनार, बहन अंकिता पत्नी विजेंद्र निवासी रामपुर सक्तेशगढ़ थाना चुनार तथा परिचित सुनीता पत्नी संदीप निवासी खमवां जमूती थाना चुनार को गिरफ्तार किया है।
सह-अभियुक्त अमरदीप की निशानदेही पर मुख्य अभियुक्ता द्वारा पहचान छिपाने के लिए पहनी गई साड़ी भी बरामद की गई है। विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है।
Location : Mirzapur
Published : 11 May 2026, 2:06 PM IST
Topics : crime news Latest News Mirzapur UP News UP Police