हिंदी
मिर्जापुर सड़क हादसा (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Mirzapur: उत्तर प्रदेश के वाराणसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। पड़री थाना क्षेत्र के अंतर्गत कपसौर गांव पुल के पास गुरुवार सुबह एक अनियंत्रित एक्स-यूबी कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार चला रहे एक युवा ठेकेदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। गाड़ी में सवार अन्य दो लोग बाल-बाल बच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के रीवा जिले के किटवारिया गांव निवासी अखिल तिवारी अपने साथियों- साहिल खान, कृष्ण मुरारी और सुधांशु के साथ बुधवार शाम को घर से वाराणसी घूमने और दर्शन-पूजन के लिए निकले थे। गुरुवार की सुबह जब वे सभी वापस अपने घर लौट रहे थे, तब कार की कमान खुद अखिल तिवारी संभाल रहे थे।
जैसे ही उनकी गाड़ी वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर स्थित कपसौर गांव के पुल के पास पहुंची, अचानक कार अनियंत्रित हो गई और हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
रिश्तों के नाम पर छल! भाई बनकर जीता विश्वास, फिर महिला के नाम पर ले लिया 1.70 करोड़ का लोन
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत डायल 112 की पीआरबी टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से सभी घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद कार चालक अखिल तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल साहिल खान की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में सुरक्षित बचे अन्य साथियों का इलाज किया जा रहा है।
इस अप्रत्याशित हादसे की खबर जैसे ही मृतक के पैतृक गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और रोना-पीटना शुरू हो गया। जानकारी के अनुसार, मृतक अखिल तिवारी अविवाहित थे और पेशे से ठेकेदार थे। वह दो भाइयों में छोटे थे, तथा उनके बड़े भाई का नाम आनंद तिवारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू रूप से बहाल करवा दिया है।
Location : Mirzapur
Published : 1 October 2026, 10:55 AM IST