मिर्जापुर: भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत, बोलेरो-ट्रक टक्कर के बाद आग में 8 लोग जिंदा जले

मिर्जापुर-रीवा हाईवे पर ट्रक के ब्रेक फेल होने से हुए भीषण हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। बोलेरो और ट्रक की टक्कर के बाद वाहन में आग लग गई, जिसमें 8 लोग जिंदा जल गए। पुलिस और प्रशासन राहत कार्य में जुटा है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 23 April 2026, 4:55 AM IST
google-preferred

Mirzapur: मिर्जापुर में बुधवार रात ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मिर्जापुर-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बोलेरो और ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई, जिसमें 8 लोग जिंदा जल गए। इस हादसे में कुल 11 लोगों की मौत हो गई। कुछ ही पलों में खुशियों का सफर मातम में बदल गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ब्रेक फेल होने से बेकाबू हुआ ट्रक

जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश से चना लादकर आ रहा एक ट्रक ड्रमडगंज थाना क्षेत्र के बड़का मोड़ के पास पहुंचा ही था कि अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। ट्रक बेकाबू होकर तेज रफ्तार में आगे बढ़ा और सामने से आ रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी।

बोलेरो ट्रक से टकराकर ट्रेलर में घुसी

टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो आगे चल रहे गिट्टी लदे ट्रेलर से जा भिड़ी। तीन वाहनों की इस टक्कर ने मौके पर तबाही मचा दी। बोलेरो में बैठे लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही वाहन में आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगा।

8 लोग जिंदा जले, चीख-पुकार से गूंजा इलाका

आग इतनी तेज थी कि बोलेरो में सवार लोग बाहर नहीं निकल सके और सभी अंदर ही फंस गए। कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया और 8 लोग जिंदा जल गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

ट्रक चालक और खलासी की भी मौत

इस हादसे में सिर्फ बोलेरो सवार ही नहीं, बल्कि ट्रक चालक और खलासी की भी दबकर मौत हो गई। वहीं एक अन्य कार सवार की भी जान चली गई, जिससे कुल मृतकों की संख्या 11 पहुंच गई।

मैहर धाम से लौट रहे थे यात्री

एसपी अपर्णा रजत कौशिक के अनुसार, बोलेरो सवार सभी लोग प्रयागराज के मांडा क्षेत्र के हाटा गांव के बताए जा रहे हैं। ये सभी लोग मैहर धाम से दर्शन करके वापस लौट रहे थे। हादसे के समय बोलेरो में सवार यात्रियों की सही संख्या की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

रेस्क्यू में जुटी पुलिस और फायर ब्रिगेड

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश की। डीएम पवन कुमार गंगवार भी प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

शवों की पहचान में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस सभी शवों की पहचान करने में जुटी है। हादसे की भयावहता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। परिजनों के पहुंचने पर स्थिति और भी भावुक हो गई।

Location :  Mirzapur

Published :  23 April 2026, 4:55 AM IST

Related News

Advertisement