हिंदी
पुलिस अधीक्षक को सौंपा प्रार्थना पत्र (Img: Dynamite News)
Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में चुनावी रंजिश से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय राजनीति और कानून-व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिल एरिया थाना क्षेत्र के चक दौरहरा गांव में वार्ड नंबर 5 की महिला सभासद सुनीता पाल के साथ कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।
महिला सभासद सुनीता पाल ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि चुनावी हार से नाराज विपक्षी लगातार उनके विकास कार्यों में बाधा डाल रहे थे। उनके अनुसार, गांव के तालाब पर अवैध अतिक्रमण और जनहित के मुद्दों को लेकर उन्होंने नगर पालिका में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी बात से नाराज होकर दबंगों ने उन पर हमला किया।
आरोप है कि 6 तारीख को जब सुनीता पाल अपने चाचा के घर के बाहर बैठी थीं, तभी चंद्रकाली, संतोष कुमार और उनके साथ आलोक सिंह, राकेश सिंह, राजेंद्र सिंह, रामकुमार, विश्वदीप सहित कई लोग एक राय होकर वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर महिला सभासद के साथ मारपीट की गई।
बदायूं में पुलिस भर्ती परीक्षा में बड़ा हादसा: छात्रा के सिर पर गिरा छत का मलबा, अधूरा रह गया सपना
इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें कथित हमले की झलकें देखी जा सकती हैं। घटना के बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई और सबूत भी सौंपे, लेकिन आरोप है कि चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस निष्क्रियता से नाराज होकर पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी आरपी यादव के नेतृत्व में क्षेत्र के कई सभासद एकजुट हुए और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे आरोपियों के हौसले और बढ़ते जा रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि राजनीतिक रंजिश के कारण गांव का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी या ठोस कदम की पुष्टि नहीं हुई है।
पहले बाइक, अब डंपर भी गायब, कानपुर के थानों में जब्त वाहन आखिर कितने सुरक्षित हैं?
इस घटना ने एक बार फिर स्थानीय प्रशासन और पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सभासदों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
Location : Raebareli
Published : 10 June 2026, 3:13 PM IST