हिंदी
घायल छात्रा अस्पताल में भर्ती (Img: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान एक परीक्षा केंद्र अचानक भयावह हादसे का गवाह बन गया। कोतवाली सदर क्षेत्र स्थित गिंदो देवी महाविद्यालय में परीक्षा दे रही एक छात्रा पर छत का हिस्सा टूटकर गिर पड़ा, जिससे पूरा परीक्षा हॉल दहशत में आ गया।
18 वर्षीय पूजा रानी पुत्री सोहनलाल, निवासी बिठौरा कलां, थाना गजरौला, जिला पीलीभीत, अपने सपनों को पूरा करने के लिए परीक्षा देने आई थी। वह शांतिपूर्वक अपनी उत्तर पुस्तिका हल कर रही थी, तभी अचानक क्लासरूम की जर्जर छत से लिंटर का सीमेंट टूटकर सीधे उसके सिर पर आ गिरा। तेज आवाज और दर्द से पूजा रानी चीख पड़ी और देखते ही देखते बेहोश होकर कुर्सी से गिर गई।
परीक्षा से पहले क्यों बढ़ी हलचल? बलरामपुर में सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर सुरक्षा का हाई अलर्ट
घटना के तुरंत बाद परीक्षा केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। अन्य अभ्यर्थी भी डर के मारे अपनी सीटों से उठ खड़े हुए। कुछ देर तक किसी को समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर भवनों की हालत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि गिंदो देवी महाविद्यालय की इमारत पहले से ही जर्जर स्थिति में थी और इसकी मरम्मत को लेकर कई बार शिकायतें भी की गई थीं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पूजा रानी का सपना पुलिस विभाग में नौकरी कर अपने परिवार का नाम रोशन करना था, लेकिन इस हादसे ने उसका पेपर अधूरा ही छूटवा दिया। उसकी मेहनत और तैयारी कुछ ही पलों में बिखर गई।
सीमा पार तस्करी पर बड़ा प्रहार: SDM, CO ने पकड़ा 3 लाख का विदेशी माल, नेपाल भेजने की थी तैयारी
हादसे के बाद अन्य अभ्यर्थियों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला। छात्रों ने मांग की कि ऐसे असुरक्षित और जर्जर भवनों को तुरंत परीक्षा केंद्रों की सूची से हटाया जाए। साथ ही घायल छात्रा को उचित मुआवजा और दोबारा परीक्षा देने का अवसर दिया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते प्रशासन ने भवन की स्थिति पर ध्यान दिया होता, तो यह हादसा टाला जा सकता था। गनीमत यह रही कि छत का केवल एक हिस्सा गिरा, वरना बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता था।
Location : Budaun
Published : 10 June 2026, 2:59 PM IST