पहले बाइक, अब डंपर भी गायब, कानपुर के थानों में जब्त वाहन आखिर कितने सुरक्षित हैं?

कानपुर के पनकी थाने से जब्त किया गया डंपर रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। हैरानी की बात यह है कि वाहन पुलिस सुरक्षा में खड़ा था। चाबी मालखाने में जमा नहीं थी। अब पुलिस वाहन स्वामी और चालक पर चोरी का शक जता रही है।

Updated : 10 June 2026, 2:53 PM IST
google-preferred

Kanpur: शहर में सक्रिय वाहन चोर अब पुलिस थानों तक पहुंच गए हैं। पश्चिम जोन के पनकी थाने से जब्त कर खड़ा किया गया एक डंपर चोरी हो जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हैरानी की बात यह है कि जिस वाहन को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने के बाहर खड़ा कराया था, वह पुलिस सुरक्षा के बावजूद गायब हो गया। मामले में मालखाना मुहर्रिर की तहरीर पर वाहन स्वामी और चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। देर रात तक पुलिस डंपर का कोई सुराग नहीं लगा सकी।

आरटीओ ने पकड़कर पुलिस को सौंपा था डंपर

पनकी थाने में हेड मोहर्रिर (मालखाना) राज कुमार द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, पांच जून को आरटीओ की कार्रवाई के दौरान एक डंपर पकड़ा गया था। इसके बाद वाहन को पनकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने डंपर को थाने के बाहर खड़ा कराया और उसे पुलिस निगरानी में रखा गया।

हालांकि, वाहन को कब्जे में लेने के दौरान उसकी चाबी अपने पास नहीं ली गई। अगले दिन जब थाने में जब्त वाहनों और अन्य माल की गिनती की गई तो डंपर मौके से गायब मिला। इसके बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई और वाहन की तलाश शुरू की गई।

Kanpur: फर्जीवाड़े ने पूरे शिक्षा सिस्टम की साख पर खड़े किए सवाल, आइए जानें कैसे चलता था नकली शिक्षा का कारोबार?

मालखाने में जमा नहीं कराई गई थी चाबी

जांच के दौरान सामने आया कि डंपर की चाबी मालखाने में जमा ही नहीं कराई गई थी। साथ ही थाने के अभिलेखों में वाहन को रिलीज किए जाने का भी कोई विवरण दर्ज नहीं मिला। इस लापरवाही ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

पनकी इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि डंपर की चाबी मालखाने में जमा नहीं हुई थी। प्रथम दृष्टया आशंका है कि वाहन स्वामी और चालक ही डंपर लेकर चले गए हैं। इसी आधार पर चालक अरविंद और वाहन स्वामी के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है और डंपर बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

पहले भी थाने से गायब हो चुकी है बाइक

यह पहला मामला नहीं है जब थाने से जब्त वाहन गायब हुआ हो। इससे पहले बर्रा थाने से भी एक बरामद बाइक चोरी हो चुकी है, जिसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है।

जानकारी के अनुसार, जरौली फेज-टू वैष्णवी विहार निवासी अधिवक्ता अमर सिंह की बाइक 23 दिसंबर 2024 को चोरी हो गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान 15 फरवरी को बाइक बरामद कर ली और उसे थाने में खड़ा कर दिया। बाद में जब अधिवक्ता कोर्ट का आदेश लेकर बाइक रिलीज कराने पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि बाइक थाने से गायब हो चुकी है।

Kanpur Dehat News: ससुराल जाते समय हादसा, तेज रफ्तार बाइक ने मारी जोरदार टक्कर

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

बर्रा थाने से बाइक और अब पनकी थाने से डंपर चोरी होने की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली और जब्त वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों मामलों में पुलिस की लापरवाही भी उजागर हुई है। बर्रा इंस्पेक्टर रविंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि बाइक अधिवक्ता के किसी करीबी व्यक्ति ने ही गायब की है, लेकिन कई माह बीत जाने के बाद भी बाइक बरामद नहीं हो सकी है।

Location :  Kanpur

Published :  10 June 2026, 2:53 PM IST

Advertisement