हिंदी
अतीक के करीबी जेपी दुबे पर पुलिस का बड़ा वार (Img: Dynamite News)
Prayagraj: माफिया अतीक अहमद के नेटवर्क से जुड़े लोगों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। अब कार्रवाई की जद में अतीक गैंग का सहयोगी बताए जा रहे गैंगलीडर जय प्रकाश दुबे उर्फ जेपी दुबे आया है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत उसकी करीब 25 करोड़ रुपये कीमत की अचल संपत्ति कुर्क कर ली है। पुलिस आयुक्त न्यायालय की ओर से सोमवार को कुर्की का आदेश पारित किया गया था। इसके बाद संबंधित संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार जेपी दुबे की जिन संपत्तियों को कुर्क किया गया है, वे शाहा उर्फ पीपलगांव, रहीमाबाद, कटहुला गौसपुर और चंद्रभानपुर में स्थित हैं। कुल 10 गाटों में दर्ज इन संपत्तियों का कुल रकबा 7,482.66 वर्गमीटर है। पुलिस ने मौजूदा बाजार कीमत के आधार पर इनकी कीमत करीब 25 करोड़ रुपये आंकी है। शाहा उर्फ पीपलगांव में 530.26 वर्गमीटर, रहीमाबाद में 1,960 वर्गमीटर, कटहुला गौसपुर में 1,985 वर्गमीटर और चंद्रभानपुर में 3,007.40 वर्गमीटर जमीन कुर्क की गई है।
जेल से लौटते वक्त अतीक अहमद के बेटे का तांडव, फतेहपुर में अली के 11 वाहनों पर चला पुलिस का डंडा
पुलिस के मुताबिक, जेपी दुबे अतीक अहमद के गैंग का सहयोगी सदस्य रहा है। आरोप है कि उसने दबंगई और भय का माहौल बनाकर लोगों को डराया-धमकाया और अपराध से अर्जित धन के जरिए जमीनें खरीदीं। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ रंगदारी, जमीन पर कब्जे, मारपीट और हत्या के प्रयास समेत कई आपराधिक मामलों का उल्लेख है।
जेपी दुबे का नाम वर्ष 2025 में हुए एक जानलेवा हमले के मामले में भी सामने आया था। पुलिस के मुताबिक, जमीन विवाद को लेकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर जानलेवा हमला किया गया था। इस मामले में जेपी दुबे की गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और कथित तौर पर अपराध से अर्जित संपत्तियों की भी जांच कर रही है। इसी क्रम में चार स्थानों पर मौजूद जमीन को कुर्क करने की कार्रवाई की गई।
यूपी सरकार नहीं छोड़ रही अतीक अहमद के खानदान का पीछा, अबकी बार 28 पर FIR, जानें कारण
कुर्की के बाद इन संपत्तियों की निगरानी की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। न्यायालय ने थाना एयरपोर्ट प्रभारी को इन संपत्तियों का प्रशासक नियुक्त किया है। इसका मतलब है कि अब इन जमीनों पर किसी तरह का अवैध कब्जा, अतिक्रमण या अनधिकृत गतिविधि नहीं की जा सकेगी। पुलिस प्रशासन इन संपत्तियों की निगरानी करेगा।
Location : Prayagraj
Published : 19 August 2026, 6:25 PM IST