रातों-रात अमीर बनने का सपना पड़ा भारी! क्या आप भी करते हैं ट्रेडिंग? जानिए शातिरों ने कैसे ऐंठे 5.10 लाख

वाराणसी में ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर युवक से 5.10 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई। सोशल मीडिया लिंक से शुरू हुए इस मामले में पीड़ित ने अलग-अलग डिजिटल माध्यमों से रकम भेजी। शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने 73,475 रुपये होल्ड कराए हैं।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 19 August 2026, 6:32 PM IST
google-preferred

Varanasi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में ऑनलाइन ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर शिवपुर थाना क्षेत्र के एक युवक से 5.10 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर मिले एक लिंक के जरिए ठगों ने पीड़ित को ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर अपने जाल में फंसाया। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने 73,475 रुपये होल्ड करा दिए हैं।

सोशल मीडिया लिंक से शुरू हुआ ठगी का खेल

शिवपुर थाना क्षेत्र निवासी आशीष पाल ने पुलिस को बताया कि 8 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे उन्हें सोशल मीडिया पर एक लिंक मिला था। लिंक के जरिए संपर्क करने वाले लोगों ने खुद को एक ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताया और कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया।

ठगों ने शुरुआत में आशीष से 750 रुपये निवेश कराए। इसके बाद ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर उनसे लगातार अलग-अलग रकम जमा कराई गई।

Varanasi Airport Firing: वाराणसी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री ने तानी पिस्टल, चलाई गोलियां, दो घायल

Google Pay, PhonePe और BharatPe से भेजे पैसे

पीड़ित के मुताबिक, 8 से 12 अगस्त के बीच उसने अलग-अलग डिजिटल माध्यमों से ठगों के बताए खातों में रकम भेजी। इस दौरान Google Pay, PhonePe और BharatPe जैसे डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया।

धीरे-धीरे करके कुल 5,10,000 रुपये ठगों के खातों में पहुंच गए। बाद में जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो उसने तत्काल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

73,475 रुपये कराए गए होल्ड

शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और 73,475 रुपये की राशि होल्ड कराने में सफलता हासिल की। इसके बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कराई।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी उदय वीर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी सर्विलांस की मदद ली जा रही है। साथ ही ठगी की रकम की रिकवरी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

Varanasi: ‘मैगी बना दो’ से शुरू हुआ विवाद, फिर कैफे में तोड़फोड़ और कार को लगा दी आग

ट्रेडिंग के नाम पर ठगी से कैसे बचें?

एसीपी साइबर विनय द्विवेदी ने लोगों से ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर मिलने वाले लुभावने ऑफर और सोशल मीडिया टिप्स से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निवेश के लिए केवल SEBI से पंजीकृत ब्रोकर का इस्तेमाल करें।

उन्होंने लोगों को सलाह दी कि किसी अनजान लिंक या ऐप के जरिए निवेश न करें और भारी मुनाफे के वादे पर भरोसा न करें। अगर ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी हो जाए तो बिना देरी किए 1930 पर शिकायत करें या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

Location :  Varanasi

Published :  19 August 2026, 6:32 PM IST

Advertisement