Varanasi: ‘मैगी बना दो’ से शुरू हुआ विवाद, फिर कैफे में तोड़फोड़ और कार को लगा दी आग

वाराणसी के कैंट क्षेत्र में मैगी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 16 August 2026, 10:16 AM IST
google-preferred

Varanasi: वाराणसी में देर रात मैगी बनाने से मना करने पर मनबढ़ युवकों ने जमकर तांडव मचाया। रेस्टोरेंट बंद होने का हवाला देने से नाराज लगभग 15 युवकों की संचालक से कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपियों ने एक कैफे में तोड़फोड़ की, बाहर खड़ी कार को आग के हवाले कर दिया और दूसरे रेस्टोरेंट के कर्मचारी के साथ बुरी तरह मारपीट की।

दूसरे कैफे में पहुंचकर किया हंगामा

आरोप है कि इसके बाद वही युवक कैंट क्षेत्र के सरसौली भोजुबीर स्थित एक अन्य कैफे पहुंच गए। कैफे संचालक आदित्य सोनकर के अनुसार, युवक जबरन अंदर घुस आए और हंगामा करने लगे। उन्होंने कैफे के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की और हॉकी स्टिक व लोहे की रॉड से दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। इसके बाद बाहर खड़ी एक कार में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। कार में आग लगाने की घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

यह भी पढ़ें: Varanasi News: नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी, साइबर अपराधियों ने सेना के जवान को भी बनाया शिकार

कर्मचारी के साथ रास्ते में मारपीट

एक अन्य रेस्टोरेंट संचालक अंकिता सिंह ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद उनके रेस्टोरेंट का एक कर्मचारी घर लौट रहा था। रास्ते में पांडेयपुर क्षेत्र के पास कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और हॉकी स्टिक से हमला कर दिया। घायल कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रंगदारी मांगने का भी आरोप

कैफे संचालक आदित्य सोनकर ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनसे 5,000 रू की रंगदारी मांगी थी। उनका कहना है कि उन्हें फोन पर धमकी दी गई थी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें रेस्टोरेंट नहीं चलाने दिया जाएगा। इस आरोप को भी पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है।

यह भी पढ़ें: Varanasi Airport: वाराणसी एयरपोर्ट पर अचानक थमीं उड़ानें, कई फ्लाइट डायवर्ट; जानिए पूरा अपडेट

पुलिस जुटी जांच में

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Varanasi

Published :  16 August 2026, 10:16 AM IST

Advertisement