हिंदी
साइबर ठंगी (Img: Pinterest)
Varanasi: बीएचयू में नौकरी दिलाने के नाम पर 20.50 लाख रुपये की ठगी की गई, जबकि दूसरे मामले में साइबर अपराधियों ने छुट्टी पर आए भारतीय सेना के जवान के बैंक खाते से लाखों रुपये निकाल लिए। चितईपुर पुलिस ने शुक्रवार को करौंदी चौराहे के पास से दिनेश कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को बीएचयू का कर्मचारी बताकर लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देता था। उसने बीएचयू का फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर कई लोगों से लाखों रुपये वसूले।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने डंगरी कला निवासी अनिल कुमार के भाई और उनकी पत्नी को नौकरी दिलाने के नाम पर 20.50 लाख रुपये लिए। उसने बीएचयू के डिप्टी रजिस्ट्रार के फर्जी हस्ताक्षर वाला नियुक्ति पत्र भी सौंप दिया। जब पीड़ित बीएचयू पहुंचे तो दस्तावेज फर्जी निकले। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने केवल 8 लाख रुपये लौटाए और बाकी रकम के लिए दो चेक दिए, जिनके हस्ताक्षर भी फर्जी पाए गए। आरोपी ने पीड़ित को झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी।
यह भी पढ़ें: Varanasi: 7 करोड़ के सोने के साथ पकड़ी गई महिला को बड़ा झटका, कोर्ट ने खारिज की जमानत
एक अन्य मामले में छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के जवान रमेश कुमार सिंह साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर अपराधियों ने बिना अनुमति उनके बैंक खातों से यूपीआई के जरिए कुल 5.33 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एडीसीपी साइबर नृपेंद्र कुमार ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी का पता चलते ही तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें, ताकि रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोका जा सके। साथ ही नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें, बैंक को तुरंत सूचना देकर खाता और डेबिट कार्ड ब्लॉक करवाएं तथा लेनदेन से जुड़े सभी स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखें।
यह भी पढ़ें: Varanasi Airport: वाराणसी एयरपोर्ट पर अचानक थमीं उड़ानें, कई फ्लाइट डायवर्ट; जानिए पूरा अपडेट
पुलिस का कहना है कि नौकरी दिलाने, निवेश या किसी भी तरह के लालच में आकर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे न दें। किसी भी नियुक्ति पत्र या नौकरी के प्रस्ताव की पहले संबंधित संस्था से पुष्टि जरूर करें। सतर्कता ही साइबर और अन्य प्रकार की ठगी से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है।
Location : Varanasi
Published : 15 August 2026, 4:55 PM IST