हिंदी
अतीक समर्थकों की गाड़ियों पर पुलिस की कार्रवाई तेज
Prayagraj: एक बार फिर माफिया अतीक के समर्थकों पर पुलिस की गाज गिरने लगी है। मामला माफिया अतीक के बेटे मोहम्मद उमर के काफिले का है। मोहम्मद उमर के काफिले में शामिल समर्थकों ने नवाबगंज टोल प्लाजा पग जमकर बवाल किया था। इसके बाद नवाबगंज पुलिस ने दो दर्जन वाहनों को सीसीटीवी के जरिए चिन्हित किया और अब गाड़ियों को सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने काफिले में शामिल दो गाड़ियों को सीज कर दिया है। पुलिस की कार्रवाई से माफिया के समर्थकों में गहरी नाराजगी है।
माफिया अतीक अहमद का बड़ा बेटा मोहम्मद उमर लखनऊ जेल में और दूसरे नंबर का बेटा अली झांसी जेल में बंद है। पिछले दिनों माफिया के बेटे अबान की झांसी में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। घटना के वक्त अबान अपने बड़े भाई अली से मिलने झांसी जेल जा रहा था। रास्ते में सड़क हादसा हो गया। घटना 6 अगस्त की है।
अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए उसके बड़े भाई मोहम्मद उमर और अली की तरफ से पैरोल की याचिका हाईकोर्ट में दाखिल की गई। 7 अगस्त को हाईकोर्ट ने दोनों भाइयों पैरोल दे दिया। 8 अगस्त को लखनऊ जेल से मोहम्मद उमर को प्रयागराज अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए लाया जा रहा था।
इस दौरान पुलिस की गाड़ियों के साथ माफिया के समर्थक काफिला बनाकर चल रहे थे। रास्ते में नवाबगंज टोल प्लाजा पर उमर को लेकर जा रही पुलिस की गाड़ी पास हो गई। मगर समर्थकों की गाड़ी टोल टैक्स के लिए रोकी जाने लगी। जिस पर समर्थकों में बवाल कर और टोल प्लाजा का बैरिकेड तोड़कर काफिले की गाड़ियां जबरन पास कराने लगे। उसे दौरान सारा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया। नवाबगंज पुलिस ने दो दर्जन वाहनों को चिन्हित कर लिया।
पुलिस ने नवाबगंज थाना एरिया के फतेहपुर अटरामपुर के मोहम्मद मुशर्रफ की थार गाड़ी उसके घर से बरामद की। वहीं बम्हरौली थाना पुरामुफ्ती के इब्राहिमपुर निवासी मोहम्मद वासिफ की स्विफ्ट मारुति उसके घर से बरामद की। दोनों गाड़ियों को सीज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अन्य गाड़ियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सभी गाड़ियों को सीज किया जाएगा।
Location : Prayagraj
Published : 14 August 2026, 6:17 AM IST