हिंदी
UP में बेखौफ बदमाशों का कहर
Mathura: यूपी के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में मडरपुर रोड पर फायरिंग की वारदात सामने आयी है। गुरुवार देर शाम कार सवार हमलावरों ने एक प्रोपर्टी डीलर को गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अजय खैमरा (40) के रूप में हुई है।
वारदात के बाद मृतक के परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने शव को आरबीएम अस्पताल के बाहर सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस अधिकारियों के साथ अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है।
मथुरा मनोज हत्याकांड: 42 दिन से लापता गोसेवक की कहानी में बड़ा ट्विस्ट, बीवी और बेटी…
गोली मारने से पहले अजय की हुई थी पिटाई
जानकारी के अनुसार अजय प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि गुरुवार देर शाम मडरपुर रोड पर अजय का कुछ लोगों से विवाद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में सवार होकर आए लोगों ने अजय के साथ पहले मारपीट की और इसके बाद उस पर गोली चला दी। गोली लगने से अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल हत्या की वजह सामने नहीं आयी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आपसी रंजिश का एंगल सामने आया है, लेकिन पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना में शामिल आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
एएसपी धर्मेंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की जांच कर रही है और वारदात में शामिल आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
Location : Mathura
Published : 14 August 2026, 2:33 AM IST