यूपी सरकार नहीं छोड़ रही अतीक अहमद के खानदान का पीछा, अबकी बार 28 पर FIR, जानें कारण

अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद को पुलिस हिरासत में प्रयागराज लाए जाने के दौरान उसके काफिले के पीछे चल रही 28 गाड़ियों पर FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि इन वाहनों ने नवाबगंज टोल प्लाजा पर बैरियर तोड़ा और बिना टोल चुकाए निकल गए।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 10 August 2026, 2:01 PM IST
google-preferred

Prayagraj News: प्रयागराज में गैंगस्टर से नेता बने दिवंगत अतीक अहमद के परिवार से जुड़ा एक और मामला सामने आया है। इस बार मामला किसी गैंगवार या विवाद का नहीं, बल्कि टोल प्लाजा पर कथित तौर पर हंगामा करने और बिना शुल्क दिए निकलने का है। पुलिस ने अतीक के बेटे उमर अहमद को ले जा रहे पुलिस वाहनों के पीछे चल रही 28 निजी गाड़ियों के मालिकों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि इन वाहनों में सवार लोगों ने नवाबगंज टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़ दिया और टोल चुकाए बिना वहां से निकल गए।

अबान के अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज आया था उमर

पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजकर 50 मिनट की है। उमर अहमद को उसके छोटे भाई अबान अहमद के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पुलिस हिरासत में प्रयागराज लाया जा रहा था। इसी दौरान जब उमर को लेकर चल रहे सरकारी वाहन टोल बूथ नंबर-3 से आगे निकले, तो उनके पीछे करीब 25 से 30 निजी वाहन भी चल पड़े। टोल प्रबंधन की शिकायत के मुताबिक, इन निजी वाहनों में उमर के समर्थक सवार थे। आरोप है कि वाहनों के चालकों ने टोल बैरियर को तोड़ दिया और बिना शुल्क दिए तेजी से वहां से निकल गए।

CCTV फुटेज से हुई वाहनों की पहचान

पुलिस ने बताया कि मामले में 28 वाहनों की पहचान उनके रजिस्ट्रेशन नंबर और टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर की गई है। अब पुलिस इन वाहनों में सवार लोगों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही टोल का बकाया शुल्क भी वसूलने की प्रक्रिया की जा रही है।

टोल प्रबंधन ने नुकसान का दावा किया

नवाबगंज टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक जय प्रकाश यादव की शिकायत पर रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे FIR दर्ज की गई। टोल प्रबंधन ने बिना शुल्क दिए वाहनों के निकलने से आर्थिक नुकसान होने का दावा किया है। पुलिस अब CCTV फुटेज और वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबरों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

Location :  Prayagraj

Published :  10 August 2026, 2:01 PM IST

Related News

Advertisement