पुलिस के बुलाने पर सीतापुर लौटा था युवक, घर पहुंचने से पहले ही मौत… पेड़ से लटका मिला गैंगस्टर एक्ट में वांछित युवक का शव

सीतापुर में मंगलवार दोपहर पानी की टंकी के पीछे जंगलनुमा इलाके में 22 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक गैंगस्टर एक्ट में वांछित बताया जा रहा था और करीब 24 घंटे पहले ही पानीपत से सीतापुर लौटा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 18 August 2026, 4:37 PM IST
google-preferred

Sitapur: सीतापुर में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी की टंकी के पीछे जंगलनुमा इलाके में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। शव देखते ही आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के आंबेडकर नगर इलाके का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

करीब 24 घंटे पहले पानीपत से लौटा था मुकेश

परिजनों के मुताबिक मुकेश पिछले करीब छह साल से सीतापुर शहर के लोहारबाग मोहल्ले में अपने परिवार के साथ रह रहा था। हालांकि, इन दिनों वह काम के सिलसिले में पानीपत में था। बताया जा रहा है कि करीब 24 घंटे पहले ही मुकेश पानीपत से सीतापुर वापस आया था। लेकिन वह अपने घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए। मंगलवार को तलाश के दौरान उसके शव के पानी की टंकी के पीछे पेड़ से लटके होने की जानकारी मिली।

गैंगस्टर एक्ट में वांछित था युवक

पुलिस के मुताबिक मुकेश के खिलाफ अलग-अलग मामलों में एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। वह गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित भी बताया जा रहा था। मृतक की मां सुनीता ने बताया कि खैराबाद थाने से मुकेश के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत वारंट आया था। पुलिस की ओर से उसे पानीपत से सीतापुर वापस आने के लिए लगातार कहा जा रहा था।

लापरवाही मिली तो पुलिस भी नहीं बचेगी! सीतापुर किशोरी मौत मामले में बड़ा एक्शन, चौकी इंचार्ज सस्पेंड

पुलिस को आत्महत्या की आशंका

शव मिलने की सूचना के बाद सीओ सिटी कपूर कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। सीओ सिटी के मुताबिक प्रथम दृष्टया युवक के आत्महत्या करने की आशंका नजर आ रही है।

मौत से पहले के 24 घंटे की पड़ताल

इस मामले में पुलिस की जांच का सबसे अहम हिस्सा मुकेश के आखिरी 24 घंटे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पानीपत से सीतापुर पहुंचने के बाद वह कहां गया था। उसने किन लोगों से मुलाकात की, किससे फोन पर बात की और घर क्यों नहीं पहुंचा, इन सवालों के जवाब भी तलाशे जा रहे हैं। पुलिस उसके मोबाइल फोन और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है।

नदी में रस्सी से बंधा मिला युवक का शव, सिर पर गहरे चोट के निशान; 4 घंटे सीमा विवाद में उलझी सीतापुर-हरदोई पुलिस

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या की बात सामने आ रही है, लेकिन जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले किसी भी संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता।

Location :  Sitapur

Published :  18 August 2026, 4:37 PM IST

Related News

Advertisement