20 साल से चल रही थी बिना कनेक्शन बिजली? सैफई तहसील में विभाग की बड़ी कार्रवाई

सैफई तहसील परिसर में बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वकीलों के चैंबरों और कई दुकानों की बिजली आपूर्ति काट दी। विभाग का कहना है कि यहां लंबे समय से बिना वैध विद्युत कनेक्शन के बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। कार्रवाई के बाद अधिवक्ताओं ने विरोध जताया और पुराने मीटर से कनेक्शन देने की मांग की।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 17 June 2026, 2:47 PM IST
google-preferred

Saifai: सैफई तहसील परिसर में गुरुवार को बिजली विभाग की कार्रवाई से अचानक हड़कंप मच गया। विभाग की टीम ने तहसील परिसर में पहुंचकर कई वकीलों के चैंबरों और दुकानों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। कार्रवाई के दौरान बिजली की केबलें काटकर उन्हें अपने कब्जे में ले लिया गया।

बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक तहसील परिसर में कई जगहों पर लंबे समय से बिना वैध विद्युत कनेक्शन के बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। जांच में सामने आया कि कई चैंबरों और दुकानों में करीब 20 वर्षों से बिना अधिकृत कनेक्शन बिजली का उपयोग किया जा रहा था।

जांच के बाद विभाग ने काटी केबल

बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर एक-एक चैंबर और दुकान की जांच की। अधिकारियों का कहना था कि बिजली का इस्तेमाल नियमों के अनुसार नहीं किया जा रहा था। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से जुड़ी बिजली की केबलों को काट दिया। टीम ने केबल अपने कब्जे में ले ली और संबंधित लोगों को नियमानुसार कनेक्शन लेने की बात कही।

कोर्ट में तारीख पर पहुंची महिला पर क्यों बरसा कहर? फरसा-रॉड से हमले में 3 घायल, सैफई तक पहुंचा मामला

कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में मचा हड़कंप

अचानक बिजली कटने से तहसील परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं और दुकानदारों में हलचल मच गई। भीषण गर्मी के बीच बिजली बंद होने से वकीलों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई अधिवक्ता बंद पड़े पंखों के बीच अपना काम करते नजर आए। गर्मी और बिजली संकट को लेकर उनमें नाराजगी भी दिखाई दी।

अधिवक्ताओं ने जताया विरोध

बिजली कटने के बाद अधिवक्ताओं ने विभागीय कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि वे वैध बिजली कनेक्शन लेने के लिए तैयार हैं, लेकिन स्मार्ट मीटर लगाने की बाध्यता नहीं होनी चाहिए। अधिवक्ताओं की मांग है कि उन्हें पुराने मीटर के माध्यम से बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी समस्या का समाधान हो सके।

Dynamite Exclusive: वीरान पड़ा सैफई रेलवे स्टेशन, खंडहर में तब्दील सुविधाएं, यात्रियों ने जताई नाराजगी

विभाग ने कहा- नियमों के अनुसार ही मिलेगा कनेक्शन

वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बिना वैध कनेक्शन के बिजली का इस्तेमाल करना नियमों के खिलाफ है। अधिकारियों ने साफ किया कि सभी लोगों को नियमानुसार बिजली कनेक्शन लेना होगा और शासन की व्यवस्था के अनुसार ही मीटर लगाए जाएंगे।

Location :  Saifai

Published :  17 June 2026, 2:47 PM IST

Advertisement